NASA Image: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) लगातार दुर्लभ तस्वीरें जारी करता रहता है, जो अंतरिक्ष प्रेमियों को काफी ज्यादा लुभाती है। हाल ही में नासा ने पश्चिमी तुर्किये में रात के समय आए एक आकाशीय तूफान की तस्वीर जारी की है। इस तस्वीर को पृथ्वी से लगभग 421 किमी ऊपर अंतरिक्ष से लिया गया है।
किसके कैप्चर की तस्वीर?
अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर सवार एक अंतरिक्ष यात्री ने रात के समय पश्चिमी तुर्किये के ऊपर मंडरा रहे आकाशीय तूफान का अद्भुत नजारा कैप्चर किया। यह तस्वीर नवंबर 2023 में ली गई थी। जिसे नासा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है। तस्वीर में तुर्किये का इजमिर प्रांत दिखाई दे रहा है। साथ ही इजमिर प्रांत के पास मौजूद येल्की और अलियागा नामक जगह की रोशनी चमक रही है।
अंतरिक्ष यात्री ने 4 नवंबर, 2023 को 85 मिलीमीटर की फोकल लंबाई का इस्तेमाल कर Nikon D5 डिजिटल कैमरे से काले घने बादलों के किनारे दिखाई देने वाले तुर्किये को कैप्चर किया।
अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है ISS
बकौल नासा, अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन कई अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है। वैज्ञानिक जिनका इस्तेमाल कर तूफान और बिजली का अध्ययन करते हैं। जिसमें लाइटनिंग इमेजिंग सेंसर और यूरोपीय स्पेस एजेंसी का वायुमंडल-स्पेस इंटरैक्शन मॉनिटर भी शामिल है।
बता दें कि अंतरिक्ष यात्रियों की तस्वीरों ने स्प्राइट्स और ब्लू जेट्स सहित आकाशीय बिजली से जुड़ी वायुमंडलीय घटनाओं के बारे में हमारी समझ को बेहतर किया है।
