Kanpur: कानपुर में एक दिन में कोविड से 8 लोगों की मौत, मौतों का आंकड़ा बढ़कर 149

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 23, 2020, 10:06 AM IST

Kanpur Coronavirus Updates: कानपुर में कोरोना वायरस से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 149 हो गया है। केवल बुधवार को कोरोना के चलते 8 लोगों की मौत हो गई।

Kanpur: कानपुर में एक दिन में कोविड से 8 लोगों की मौत, मौतों का आंकड़ा बढ़कर 149

कानपुर : कानपुर में बुधवार को कोरोना के चलते 8 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही शहर में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 149 हो गया है। 149 में से 98 लोगों की मौत केवल जुलाई महीने में हुई है। जुलाई के शुरुआती महीने में ही कानपुर में कोरोना के केस तेजी से बढ़ने लगे थे यही कारण है कि इस महीने में कोरोना से मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा।

कोरोना वायरस के संक्रमण पर रोक लगाने के लिए जिले में सोमवार रात से ही चार दिनों के मिनी लॉकडाउन की घोषणा की गई है। जिला मजिस्ट्रेट ब्रह्म देव राम तिवारी ने इसकी घोषणा की थी। इसके अलावा वीकेंड लॉकडाउन पहले की तरह की लागू रहेगा। मिनी लॉकडाउन के तहत कानपुर के 10 थानों के अंतर्गत आने वाले इलाकों में वे सारे नियम कानून लागू होंगे।

जानकारी के मुताबिक बुधवार को 108 नए कोरोना के केस सामने आए जिसके बाद ये कुल आंकड़ा बढ़कर 3,000 से ज्यादा हो गया है। बुधवार को 62 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए इसके बाद भी कानपुर में कोरोना के कुल एक्टिव केस 1,402 हैं। 

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी कोरोना का प्रकोप मंडरा रहा है। यहां एक के बाद एक कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। दो दिन पूर्व आरक्षण केंद्र में तैनात महिला कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को मुख्य चल टिकट निरीक्षक भी इसकी चपेट में आ गए हैं। इसके अलावा नगर निगम के चार सफाईकर्मी भी कोरोना संक्रमित आए हैं। इसकी जानकारी सामने आने पर नगर निगम में खलबली मच गई।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!