Pet Dog in Plane: एयर अकासा की दिल्ली-गोवा उड़ान के दौरान विमान में दिल्ली की एक महिला ने अपने पालतू कुत्ते का पिंजरा खोल दिया, जिससे सह-यात्रियों के बीच घबराहट पैदा हो गई। सह-यात्रियों की शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।अलीशा अधाना नाम की महिला के खिलाफ अपने साथी यात्रियों को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया गया।
कथित तौर पर, महिला ने शोर मचा रहे कुत्ते को शांत करने के लिए पिंजरा खोल दिया, जिससे सह-यात्रियों में घबराहट पैदा हो गई।यह घटना दिल्ली से गोवा की उड़ान के दौरान घटी। अलीशा अपने परिवार के एक सदस्य के साथ इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाईअड्डे पर विमान में सवार हुईं। एयरलाइन की मानक प्रक्रिया के अनुसार पालतू पशु को पिंजरा बिना खोले केबिन में रखने का नियम है।
यह घटना कथित तौर पर अकासा एयर की उड़ान में हुई और विमान के गोवा हवाईअड्डे पर उतरने के बाद उड़ान प्रबंधक ने शिकायत दर्ज की। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, 'महिला पर चालक दल और साथी यात्रियों के जीवन को खतरे में डालने के आरोप में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 336 के तहत मामला दर्ज किया गया है।'
