देश

CEC ज्ञानेश कुमार से इस दिन मिलेगा TMC प्रतिनिधिमंडल! ममता बोलीं- हम जल्द ही SIR की लड़ाई दिल्ली ले जाएंगे

Bengal SIR: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के खिलाफ जारी अपनी लड़ाई को जल्द ही दिल्ली ले जाएंगी।

Image

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)

Bengal SIR: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के खिलाफ जारी अपनी लड़ाई को जल्द ही दिल्ली ले जाएंगी। ममता बनर्जी ने राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा के कार्यक्रम में बुधवार को अंतिम क्षणों में बदलाव करने के बाद यह बात कही।

CEC ज्ञानेश कुमार से मिलेगा TMC प्रतिनिधिमंडल

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सूत्रों का दावा है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से दो फरवरी को मुलाकात के लिए समय मिल गया है। मुख्यमंत्री एसआईआर के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शन को दिल्ली के निर्वाचन सदन ले जा सकती हैं।

क्या कुछ बोलीं ममता बनर्जी?

टीएमसी प्रमुख ने इससे पहले अपने करीबी लोगों को संसद में विपक्षी नेताओं से मिलने की अपनी मंशा से अवगत कराया था। ममता बनर्जी ने सिंगूर में एक जनसभा के दौरान कहा, ''मुझे इस बैठक के बाद दिल्ली जाना था, लेकिन कुछ दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों के कारण मुझे अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी।''

कोलकाता के पूर्वी बाहरी इलाके आनंदपुर में गोदाम में लगी विनाशकारी आग के संदर्भ में उन्होंने यह बात कही। इस घटना में कम से कम आठ लोगों की जान चली गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''लेकिन, आज नहीं तो, मैं कल या परसों जरूर दिल्ली जाऊंगी, क्योंकि आप लोग मुझसे चुपचाप बैठे रहने की उम्मीद नहीं कर सकते। जरूरत पड़ने पर मैं अदालत में खड़ी होऊंगी। यदि अनुमति मिली, तो मैं भी जनता की ओर से पैरवी करूंगी, वकील के रूप में नहीं, बल्कि एक नागरिक के रूप में। मैंने इस मामले के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज और सबूत सुरक्षित रख लिए हैं।''

भाजपा पर बरसीं ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने निर्वाचन आयोग और भाजपा दोनों पर एसआईआर के नाम पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कवायद चुपके से एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक पंजी) लागू करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा, ''हम उन्हें किसी को भी निरूद्ध शिविरों में भेजने नहीं देंगे, हम यहां एनआरसी लागू नहीं होने देंगे। मैं उनके घमंड को चकनाचूर कर दूंगी, मुझ पर भरोसा रखें।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article