Who was Ketan Agarwal: महाराष्ट्र के पुणे में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। पुणे के एक मशहूर रियल एस्टेट कारोबारी के 26 वर्षीय बेटे केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले (Lohagad Fort) की 400 फीट गहरी खाई में गिरकर हुई मौत, कोई हादसा नहीं बल्कि एक सोची-समझी खूनी साजिश थी। इस खौफनाक मर्डर को अंजाम देने वाली कोई और नहीं, बल्कि कथित तौर पर खुद केतन की होने वाली मंगेतर सिया गोयल और उसका सीक्रेट प्रेमी चेतन चौधरी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
कौन थे सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल? 17 करोड़ की शादी से पहले मंगेतर ने दी मौत, जानें- क्या था छोटी उम्र में बिजनेस
कौन थे केतन अग्रवाल?
केतन अग्रवाल पुणे के एक बेहद प्रतिष्ठित और रईस बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखते थे। वह अपने पिता विशाल अग्रवाल के रियल एस्टेट और लॉजिस्टिक्स ग्रुप 'सक्सेस ग्रुप' में बतौर डायरेक्टर काम कर रहे थे।
उच्च शिक्षा: केतन ने सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद, अमेरिका के मशहूर 'बैबसन कॉलेज' (Babson College) से एंटरप्रेन्योरियल लीडरशिप में मास्टर डिग्री ली थी।
करियर: साल 2023 में अमेरिका से लौटने के बाद उन्होंने अपने पारिवारिक बिजनेस को संभाला और उसे आगे बढ़ा रहे थे। उन्हें जानने वाले लोग उन्हें बेहद महत्वाकांक्षी और होनहार युवा बताते हैं।
नवंबर में होनी थी ₹17 करोड़ की 'बिग फैट वेडिंग'
केतन और सिया गोयल की सगाई इसी साल फरवरी में हुई थी और नवंबर में दोनों की शादी होने वाली थी। दोनों परिवार इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे:
शादी के लिए राजस्थान के उदयपुर और जयपुर में एक आलीशान महल को 17 करोड़ रुपये में बुक किया जा चुका था। मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो प्राइवेट प्लेन तक का इंतजाम किया गया था। लेकिन केतन को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस लड़की के साथ वो सात फेरे लेने वाला है, वो कथित तौर पर उसकी मौत का जाल बुन रही है।
प्री-वेडिंग शूट रोकने के लिए 'पासपोर्ट' चोरी का पैंतरा
पुलिस जांच में पता चला है कि सिया इस शादी के सख्त खिलाफ थी क्योंकि वह अपने प्रेमी चेतन चौधरी से प्यार करती थी। शादी टालने और केतन से दूर रहने के लिए सिया ने कई चालें चलीं:
-जून के पहले हफ्ते में केतन और सिया का बाली (Bali) में प्री-वेडिंग फोटोशूट होना था।
-दोनों फ्लाइट पकड़ने के लिए मुंबई एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी रास्ते में अचानक केतन का पासपोर्ट गायब हो गया और ट्रिप कैंसिल करनी पड़ी।
-पुलिस जांच में खुलाशा हुआ कि सिया ने ही एयरपोर्ट पहुंचने से ठीक पहले केतन का पासपोर्ट छिपा दिया था ताकि उसे केतन के साथ बाली न जाना पड़े।
बर्थडे ट्रैकिंग के बहाने बुना मौत का जाल: ऐसे खुला राज
18 जून को सिया का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के बहाने सिया केतन को पुणे के पास स्थित ऐतिहासिक लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए ले गई।
हादसे की झूठी कहानी
सुबह करीब 10:30 बजे सिया ने पुलिस को रोते हुए फोन किया कि हवा तेज होने के कारण, किले के किनारे फोटो खिंचवाते वक्त केतन का पैर फिसल गया और वह 400 फीट गहरी खाई में गिर गए। करीब 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद केतन की लाश बरामद हुई। पुलिस ने शुरुआत में इसे एक्सीडेंटल डेथ मान लिया था।
परिवार का शक और पुलिस का एक्शन
केतन के परिवार ने इस एक्सीडेंट थ्योरी को मानने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि केतन एक बहुत अच्छे और अनुभवी ट्रैकर थे, वह इस तरह पैर फिसलने से नहीं गिर सकते।
इसके बाद पुणे ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल के निर्देश पर जब पुलिस ने टेक्निकल जांच शुरू की, तो होश उड़ाने वाले सबूत मिले:
प्रेमी की लोकेशन: कॉल रिकॉर्ड्स और सीसीटीवी (CCTV) से पता चला कि सिया का प्रेमी चेतन चौधरी उस दिन केतन और सिया से पहले ही लोहगढ़ किला पहुंच चुका था।
खाई में धक्का: जैसे ही केतन और सिया किले के एक सुनसान हिस्से में पहुंचे, चेतन ने उनका पीछा किया। इसके बाद सिया और चेतन ने मिलकर केतन को संभलने का मौका दिए बिना सीधे 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।
पहले भी हुई थी मारने की 2 नाकाम कोशिशें
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि केतन को ठिकाने लगाने का यह उनका पहला प्रयास नहीं था। 18 जून से पहले भी सिया केतन को दो बार लोहगढ़ किले पर लेकर आई थी। एक बार तो सिया ने केतन को कथित तौर पर धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन जब वह बच गए तो सिया ने झूठ बोल दिया कि 'वहां सांप था और वह केतन को सांप से बचा रही थी।' आखिरकार तीसरी बार में दोनों आरोपी अपने खूनी मंसूबों में कामयाब हो गए। फिलहाल लोनावला ग्रामीण पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या (मर्डर) और आपराधिक साजिश रचने का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
