भारत के छात्रों को माफ करने का अधिकार PM को किसने दिया? राहुल गांधी ने पूछा सवाल; बोले- RSS नहीं बदल सकता देश का इतिहास

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की ’गुमराह युवाओं को माफ करने’’ संबंधी टिप्पणी को लेकर मंगलवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि ’भारत के भविष्य’ को माफ करने का अधिकार प्रधानमंत्री को किसने दिया?

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर शैक्षिक व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एमडीएमके नेता वाइको की पुस्तक ’वाइको इन पार्लियामेंट’ के विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए यह आरोप भी लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सोच भारत की विविध भाषाओं, संस्कृतियों और इतिहास को कमजोर करने वाली है तथा इसी के विरोध में छात्र सड़कों पर उतरकर ’’भारत की अवधारणा’’ (आइडिया ऑफ इंडिया) की रक्षा कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने कसा सरकार पर तंज।

राहुल गांधी ने कसा सरकार पर तंज। (फोटो- PTI)

हमारे देश में अजीब समय चल रहा- राहुल गांधी

विमोचन समारोह के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा, "हमारे देश में अजीब समय चल रहा है। छात्र सड़कों पर हैं, वे दर्द में हैं। वे निष्पक्ष परीक्षाएं और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री उन्हें माफ कर रहे हैं। मुझे नहीं पता कि उन्हें किसने यह अधिकार दिया कि वे भारत के भविष्य को माफ करें।"

End of Feed