वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार में वोट अधिकार यात्रा निकालने जा रहा है। राहुल गांधी का आरोप है कि चुनाव आयोग बीजेपी के साथ मिलकर वोटों की चोरी कर रहा है। बिहार में जारी SIR की प्रक्रिया में धांधली का आरोप कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टी लगा रही है। इन्हीं आरोपों को लेकर राहुल गांधी अब चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
राहुल गांधी बिहार में निकालेंगे वोट अधिकार यात्रा (फोटो- Congress)
17 अगस्त से बिहार की सड़कों पर उतरेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी 17 अगस्त से बिहार के रोहतास जिले के सासाराम शहर से एक व्यापक जनसंपर्क यात्रा की शुरुआत करेंगे। यह यात्रा न केवल मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के मकसद से की जा रही है, बल्कि चुनाव से पहले जनता के बीच विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' ब्लॉक की एकजुटता और ताकत भी दर्शाने की रणनीति का हिस्सा है।
क्या बोले राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि 17 अगस्त को वह अपनी ‘‘वोटर अधिकार यात्रा’’ के जरिये कथित ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ बिहार की धरती से सीधी लड़ाई शुरू करेंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि यह केवल एक चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि लोकतंत्र, संविधान और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत की रक्षा का निर्णायक संग्राम है। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, "17 अगस्त से 'वोटर अधिकार यात्रा' के साथ हम बिहार की धरती से वोट चोरी के खिलाफ सीधी लड़ाई छेड़ रहे हैं। यह सिर्फ एक चुनावी मुद्दा नहीं - यह लोकतंत्र, संविधान और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के सिद्धांत की रक्षा का निर्णायक संग्राम है।" उन्होंने कहा, "हम पूरे देश में साफ-सुथरी मतदाता सूची बनवाकर ही रहेंगे। युवा, मजदूर, किसान - हर नागरिक, उठो और इस जनांदोलन से जुड़ो। अब की बार, वोट चोरों की हार - जनता की जीत, संविधान की जीत। हमारे साथ बिहार के युवा 'एक व्यक्ति-एक वोट' और संविधान को बचाने के लिए निकलेंगे। साथ ही वोट चोरी को रोकेंगे। इस लड़ाई में हमें बिहार के युवाओं की जरूरत है। सभी युवाओं को हमारे साथ जुड़कर संविधान की रक्षा करनी चाहिए।’’
कौन-कौन सी पार्टियां होंगी शामिल
इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस, राजद समेत गठबंधन के सभी छह घटक दलों के प्रमुख नेता भी शामिल होंगे। यात्रा 23 जिलों से होकर गुजरेगी और इसमें कई बड़े जनसभा और रैलियां भी आयोजित की जाएंगी।
कहां-कहां से गुजरेगी राहुल गांधी की यात्रा
- 17 अगस्त – सासाराम (रोहतास)
- 18 अगस्त – औरंगाबाद
- 19 अगस्त – गया और नवादा
- 20 अगस्त – विश्राम
- 21 अगस्त – लखीसराय-शेखपुरा
- 22 अगस्त – मुंगेर और भागलपुर
- 23 अगस्त – कटिहार
- 24 अगस्त – पूर्णिया और अररिया
- 25 अगस्त – विश्राम
- 26 अगस्त – सुपौल
- 27 अगस्त – दरभंगा और मुजफ्फरपुर
- 28 अगस्त – सीतामढ़ी और मोतिहारी
- 29 अगस्त – बेतिया, गोपालगंज और सिवान
- 30 अगस्त – छपरा और आरा
- 31 अगस्त – विश्राम
- 1 सितंबर – पटना के गांधी मैदान में विशाल रैली, यात्रा का समापन
क्या है आरोप
विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा की जा रही मतदाता सूची की विशेष जांच प्रक्रिया में भाजपा सरकार के दबाव में काम किया जा रहा है। उनका दावा है कि हजारों-लाखों वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे सत्तारूढ़ दल को लाभ पहुंचाया जा सके। राहुल गांधी की यह यात्रा इसी पृष्ठभूमि में "लोकतंत्र बचाओ" अभियान के रूप में देखी जा रही है। इसके माध्यम से विपक्ष न सिर्फ जनता को जागरूक करना चाहता है, बल्कि सत्ता पक्ष पर दबाव भी बनाना चाहता है।
