Violence in Bengal: पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा का दौर शुरू हो गया है। नॉर्थ 24 परगना में केंद्रीय सुरक्षाबलों के साथ गश्ती कर रहे एक पुलिसदल पर बदमाशों ने फायरिंग की। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबकि इस फायरिंग में पांच सुरक्षाकर्मी घायल हुए। फायरिंग की यह घटना नजात पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले सरबेरिया-अगरहाटी ग्राम पंचायत में हुई। सूत्रों के मुताबिक नजात पुलिस स्टेशन के प्रभारी, राजबाड़ी आउटपोस्ट के पुलिस कॉन्स्टेबल और एक महिला पुलिस अधिकारी को गोली लगी है। इनके अलावा गोलीबारी में केंद्रीय सुरक्षाबल के दो जवान भी घायल हुए हैं।
चुनाव बाद बंगाल में हिंसा की घटनाएं हुई हैं।
सभी घायलों को इलाज के लिए मिनाखा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोलकाता के अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। जांच के दौरान मौके से क्रूड बम और हथियारों की बरामदगी हुई है।
हिंसा में भाजपा-टीएमसी के 1-1 कार्यकर्ता की मौत
बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में मंगलवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम न्यू टाउन इलाके में विजय जुलूस के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की मौत हो गई। इससे पहले बीरभूम के नानूर में कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी।
टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि न्यू टाउन में, कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने बहस के बाद मंडल की पिटाई की, जब उसी समय भल्लीगुड़ी क्षेत्र में भाजपा का विजय जुलूस निकाला जा रहा था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इलाके में टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया। अधिकारी ने बताया कि स्थिति सामान्य करने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा। इससे पहले नानूर इलाके में एक झड़प में शेख की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
CEC ने दिए तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं में शामिल लोगों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि सीईसी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा है।
