"खाल खींच लूंगी...", श्रीकांत त्यागी के बाद 'गालीबाज' मैडम का VIDEO वायरल, गार्ड को लगीं दुत्कारने; हिरासत में

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 21, 2022, 03:02 PM IST

'Gaaliabaaz' Bhavya Roy Viral Video: इस बीच, दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने घटना से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए पूछा- यह किस प्रकार का घटियापन है?

'Gaaliabaaz' Bhavya Roy Viral Video: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में महिला को गंदी-गंदी गालियां देने वाले श्रीकांत त्यागी के बाद अब एक 'गालीबाज' मैडम का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सुरक्षा गार्ड्स को गालियां देते, हड़काते और बुरी तरह दुत्कारते हुए नजर आईं। वायरल क्लिप में उन्हें कहते हुए साफ सुना गया, "मैं खाल खींच लूंगी...।" 

यह वायरल क्लिप नोएडा के जेपी ग्रीन्स की बताई गई, जिसमें वह गार्ड का कई बार कॉलर पकड़ते दिखीं और उससे गाली के साथ बात करते नजर आईं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और उन्हें हिरासत में ले लिया। 

इस बीच, दिल्ली महिला आयोग (Delhi Commission for Women) की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने घटना से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "यह महिला सरेआम इस गार्ड से इतनी गुंडागर्दी और गाली-गालौज कर रही है। ये किस प्रकार का घटियापन है? नोएडा पुलिस (टैग करते हुए) इस महिला के खिलाफ सख्त कार्यवाही बहुत ज़रूरी है।" 

बदसलूकी करने वाली महिला की पहचान भव्या रॉय (Bhavya Roy) के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल रॉय से पूछताछ में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-126 थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जबकि मुकदमे में आरोपी महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504 व 506 के तहत आरोप तय हुआ है। 

End of Article