Indian Navy को मिलेगा नया मुखिया; वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन होंगे अगले नौसेना प्रमुख

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन भारतीय नौसेना के अगले प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। वे 31 मई 2026 को कार्यभार संभालेंगे और 2028 तक पद पर रहेंगे। जानें उनके शानदार करियर और उपलब्धियों के बारे में।

केंद्र सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त करने की घोषणा की है। वर्तमान में मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान (Western Naval Command) के कमांडर के रूप में कार्यरत स्वामीनाथन 31 मई 2026 को अपना नया कार्यभार संभालेंगे। वे वर्तमान नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी का स्थान लेंगे।

vice admiral krishna Swaminathan

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन 31 मई को पदभार लेंगे

प्रमुख कमान और अनुभव

1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त करने वाले वाइस एडमिरल स्वामीनाथन कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उनका करियर सैन्य कौशल और रणनीतिक अनुभव से भरा रहा है। उन्होंने मिसाइल वेसल्स 'विद्युत' और 'विनाश', मिसाइल कार्वेट 'कुलिश', गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर 'मैसूर' और भारत के विशाल विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य की कमान संभाली है। नौसेना प्रमुख बनने से पहले, उन्होंने 1 मई 2024 से नौसेना के 46वें उप-प्रमुख (Vice Chief of Naval Staff) के रूप में कार्य किया। इसके बाद 31 जुलाई 2025 को उन्होंने पश्चिमी नौसेना कमान का कार्यभार संभाला था।

शिक्षा और सम्मान

वाइस एडमिरल स्वामीनाथन न केवल एक युद्धक रणनीतिकार हैं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका रिकॉर्ड शानदार है। वे नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से बीएससी, कोचीन यूनिवर्सिटी से टेलीकम्युनिकेशंस में एमएससी, किंग्स कॉलेज लंदन से डिफेंस स्टडीज में एमए और मुंबई विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के ज्वाइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और अमेरिका के यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वार कॉलेज से भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) और विशिष्ट सेवा पदक (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है।

End of Feed