देश

मोनू मानेसर को हर संभव मदद देगा विहिप, गिरफ्तारी को बताया मुस्लिम वोटों का तुष्टिकरण

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 13, 2023, 09:08 AM IST

Monu Manesar: राजस्थान पुलिस ने मोनू के खिलाफ फरवरी में दो मुस्लिमों की हत्या करने का मामला दर्ज किया था। इसके अलावा उस पर हरियाणा में सांप्रदायिक नफरत फैलाने का भी आरोप है। अधिकारियों के अनुसार, नूंह की एक अदालत से ‘ट्रांजिट रिमांड’ मिलने के बाद उसे राजस्थान पुलिस को सौंप दिया गया।

Monu Manesar: विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने दो मुस्लिम युवकों की हत्या मामले में गिरफ्तार मोनू मानेसर का बचाव किया है। विहिप के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने मोनू को निर्दोष गौभक्त बताया है। उन्होंने कहा है कि मुस्लिम वोटों की तुष्टिकरण के लिए उसकी गिरफ्तारी की गई है। आलोक कुमार ने मोनू को विहिप की तरफ से सहायता देने की बात कही है। विहिप ने हरियाणा पुलिस द्वारा की गई मोनू मानेसर की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा है कि वह हर तरह से मोनू मानेसर की सहायता करेगी और अगर आवश्यकता पड़ी तो विहिप इस मामले में आंदोलन भी करेगा।

दो मुस्लिमों की हत्या के मामले में आरोपी है मोनू

हरियाणा के नूंह जिले में जुलाई में हुई हिंसा एवं राजस्थान में दो मुस्लिमों की हत्या के मामले में आरोपी गोरक्षक मोनू मानेसर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। राजस्थान पुलिस ने मोनू के खिलाफ फरवरी में दो मुस्लिमों की हत्या करने का मामला दर्ज किया था। इसके अलावा उस पर हरियाणा में सांप्रदायिक नफरत फैलाने का भी आरोप है। अधिकारियों के अनुसार, नूंह की एक अदालत से ‘ट्रांजिट रिमांड’ मिलने के बाद उसे राजस्थान पुलिस को सौंप दिया गया। नूंह पुलिस ने उसे कथित तौर पर गुरुग्राम के मानेसर से गिरफ्तार किया।

मोनू के पास से पिस्तौल जब्त

पुलिस ने बताया कि मोनू के पास से एक पिस्तौल, तीन कारतूस और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। नूंह पुलिस ने बताया कि उसने मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए पड़ोसी राज्यों और जिलों को उसकी गिरफ्तारी के बारे में सूचित किया। राजस्थान का डीग जिला नूंह से सटा है। मानेसर का असली नाम मोहित यादव है। उसपर कुछ लोगों द्वारा 31 जुलाई की घटना को भड़काने का आरोप लगाया गया था, जिसके तहत नूंह में भीड़ ने विश्व हिंदू परिषद की शोभा यात्रा को निशाना बनाया था- जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article