देश

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की पहली झलक आई सामने, PM मोदी आज दिखाएंगे इसे हरी झंडी, इन 2 शहरों को जोड़ेगी, Video

PM मोदी रविवार को दोपहर लगभग तीन बजे हुगली जिले के सिंगूर में लगभग 830 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चार नयी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

vande bharat express train

देश को मिलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

India first Vande Bharat Sleeper Train : हावड़ा और गुवाहाटी के लोगों को शनिवार को खास तोहफा मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को आज हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन हावड़ा-गुवाहाटी के बीच चलेगी। लोग इस ट्रेन के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। साथ ही आज देश में पहले वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात भी मिलने जा रही है। यही नहीं, इसी बीच आज 4 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी पीएम हरी झंडी दिखाएंगे। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आधुनिक इंटीरियर के साथ बेहतर यात्रा का अनुभव देती है और यात्रियों को इस ट्रेन में आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

मालदा रेलवे स्टेशन पहुंचेंग पीएम मोदी

आधिकारिक बयान के मुताबिक, मोदी शनिवार दोपहर लगभग 12:45 बजे पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां वह हावड़ा (कोलकाता) और कामाख्या (गुवाहाटी) को जोड़ने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बयान में कहा गया है कि दोपहर 1:45 बजे प्रधानमंत्री मालदा में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे तथा कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन एवं शिलान्यास

इसमें कहा गया है कि मोदी रविवार को दोपहर लगभग तीन बजे हुगली जिले के सिंगूर में लगभग 830 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चार नयी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, अलीपुरद्वार-एसएमवीटी बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस और अलीपुरद्वार-मुंबई (पनवेल) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि इन चारों ट्रेन की शुरुआत से लंबी दूरी के किफायती और विश्वसनीय रेल सम्पर्क में सुधार होगा।

नई ट्रेन में सुविधाओं का रखा गया विशेष ध्यान

इसमें कहा गया है कि नयी ट्रेन सेवाएं आम नागरिकों, छात्रों, प्रवासी श्रमिकों और व्यापारियों की आवागमन संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होंगी तथा अंतर-राज्यीय आर्थिक एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाएंगी। बयान के मुताबिक, मोदी एलएचबी डिब्बों से लैस दो नयी ट्रेन सेवाओं, राधिकापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस और बालुरघाट-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें कहा गया है कि दोनों ट्रेन क्षेत्र के युवाओं, छात्रों और आईटी पेशेवरों को बेंगलुरु जैसे प्रमुख आईटी एवं रोजगार केंद्र तक सीधी, सुरक्षित व आरामदायक यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी।

बंगाल में 4 प्रमुख रेलवे परियोजना की रखेंगे आधारशिला

बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-31डी के धूपगुड़ी-फलाकाटा खंड को चार लेन में बदलने संबंधी परियोजना की भी आधारशिला रखेंगे। यह एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना है, जो उत्तर बंगाल में यात्रियों और माल की सुगम आवाजाही को सुविधाजनक बनाएगी। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल में चार प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें बालुरघाट और हिली के बीच नयी रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में अगली पीढ़ी की माल ढुलाई रखरखाव सुविधाएं, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन और जलपाईगुड़ी जिले में ‘वंदे भारत’ ट्रेन रखरखाव सुविधाओं का आधुनिकीकरण शामिल है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बागुरुंबा द्वोहू 2026’ में हिस्सा लेंगे

इसमें कहा गया है कि मोदी न्यू कूचबिहार-बमनहाट और न्यू कूचबिहार-बॉक्सिरहाट के बीच रेल लाइन के विद्युतीकरण संबंधी परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे तेज, स्वच्छ एवं अधिक ऊर्जा-कुशल ट्रेन संचालन संभव हो सकेगा। बयान में कहा गया है कि शनिवार को शाम लगभग छह बजे मोदी गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में पारंपरिक बोडो सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘बागुरुंबा द्वोहू 2026’ में हिस्सा लेंगे। इसमें कहा गया है कि यह बोडो समुदाय की समृद्ध विरासत का जश्न मनाने के लिए ऐतिहासिक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। बयान के मुताबिक, कार्यक्रम में बोडो समुदाय के 10,000 से अधिक कलाकार एक साथ मिलकर बागुरुंबा नृत्य पेश करेंगे। राज्य के 23 जिलों के 81 विधानसभा क्षेत्रों के कलाकार इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

भावना किशोर
भावना किशोर author

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यू... और देखें

End of Article