देश

चैत्र नवरात्रि की भीड़ के बीच फिर शुरू हुई माता वैष्णो देवी यात्रा, ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजा त्रिकुटा पर्वत

चैत्र नवरात्रि के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा अस्थायी रोक के बाद फिर से शुरू कर दी गई है। भवन क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यात्रा कुछ समय के लिए स्थगित की थी।

Image

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण स्थगित की गई माता वैष्णो देवी यात्रा फिर शुरू (फाइल फोटो)

Photo : iStock

Vaishno Devi Yatra Resumes: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वतमाला पर स्थित पवित्र माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा अस्थायी रोक के बाद रविवार को दोबारा शुरू कर दी गई। अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को भवन परिसर में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए एहतियात के तौर पर यात्रा को कुछ समय के लिए स्थगित किया गया था। दोपहर तक लगभग 39 हजार भक्त दर्शन कर चुके थे, जिससे व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया। बता दें कि चैत्र नवरात्रि का पर्व 19 मार्च से आरंभ हुआ है और 27 मार्च तक चलेगा, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

पंजीकरण प्रक्रिया दोबारा से शुरू

श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि भवन क्षेत्र में जरूरत से ज्यादा भीड़ होने की वजह से यात्रा को कुछ समय के लिए रोका गया था, लेकिन अब इसे फिर से बहाल कर दिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रविवार सुबह से कटरा में यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक लगभग एक लाख श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके हैं।

शनिवार को 39 हजार से अधिक भक्त पहुंचे दरबार

वहीं शनिवार को 39 हजार से अधिक भक्त कटरा पहुंचे और मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की। पंजीकरण पूरा होने के बाद 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु गुफा मंदिर की ओर प्रस्थान कर गए। पंजीकरण केंद्रों पर भी भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। नवरात्रि के तीसरे दिन ‘जय माता दी’ के उद्घोष के बीच सैकड़ों श्रद्धालु त्रिकुटा पहाड़ियों के घुमावदार मार्गों से होते हुए भवन की तरफ बढ़ते नजर आए।

‘शत चंडी महायज्ञ’ भी हुआ शुरू

फूलों से सजे और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता गुफा मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कटरा आधार शिविर से लेकर मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए हैं। उधर, चैत्र नवरात्रि 2026 के आरंभ के साथ श्री माता वैष्णो देवी श्राइन में ‘शत चंडी महायज्ञ’ भी गुरुवार से शुरू कर दिया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article