Kerala CM Name Announcement: केरल के अगले मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन (V.D. Satheesan) होंगे। कांग्रेस ने गुरुवार को वी.डी. सतीशन के नाम की घोषणा की। केरल में कांग्रेस को 10 साल बाद जीत मिली है, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद के लिए कई दिनों से रस्साकशी जारी थी। दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान मीटिंग पर मीटिंग कर रही थी, जिसके बाद आज केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी गई।
केरल के अगले मुख्यमंत्री होंगे वी.डी. सतीशन
केरल मुख्यमंत्री पद की रेस में कितने नाम?
मुख्यमंत्री पद के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल, निवर्तमान केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ पार्टी नेता रमेश चेन्निथला के नाम प्रमुख तौर पर शामिल थे, लेकिन कांग्रेस के 10 दिनों के गहन मंथन के बाद केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर बाजी वी.डी. सतीशन ने मारी है।
सीएम के नाम पर कांग्रेस में हुई मीटिंग पर मीटिंग
बीते चार मई को विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद से कांग्रेस में मंत्रणा के कई दौर चले। सात मई को विधायक दल की बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया था कि वह नए नेता का चयन करेगा। कांग्रेस नेतृत्व ने आठ मई को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने केरल के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की थी। इस बैठक में वेणुगोपाल, चेन्निथला और सतीशन के अलावा केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख सनी जोसेफ और पार्टी की राज्य प्रभारी दीपा दासमुंशी भी बैठक में शामिल हुईं थीं। इसके बाद 12 मई को राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्षों और मौजूदा तीन कार्यकारी अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक कर उनकी राय ली थी।
कहां चुक गए के.सी. वेणुगोपाल?
माना जाता है कि सतीशन को आईयूएमएल के साथ ही यूडीएफ कार्यकर्ताओं के एक बड़े हिस्से का समर्थन भी प्राप्त है। सतीशन के समर्थकों का यह तर्क है कि यदि वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री का पद दिया जाता है, तो यूडीएफ को दो उपचुनावों का सामना करना पड़ेगा। वेणुगोपाल वर्तमान में अलप्पुझा से लोकसभा सदस्य हैं और मुख्यमंत्री बनने की स्थिति में उन्हें विधानसभा उपचुनाव जीतना होगा तथा फिर उनके इस्तीफे से रिक्त होने वाली लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। सतीशन के समर्थकों के अनुसार, राज्य में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में यह अत्यधिक जोखिम भरा होगा।
