विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को अमेरिका में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश पर चिंता जताई और इसकी जांच की मांग की। मंत्रालय ने कहा कि इस घटना ने अमेरिका में 'बढ़ती नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत' को लेकर भारत की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
MEA ने अमेरिका में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश पर चिंता जताई
विदेश मंत्रालय का यह बयान तब आया है, जब अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया। उस पर इलिनॉय के ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी (mass shooting) करने की साजिश रचने का आरोप है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'इलिनॉय के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश की खबरों से हम बेहद चिंतित हैं। इस साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लीय स्वरूप, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात कही गई है, विशेष रूप से चिंताजनक है।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: राइफल जाम होने से टला हिंदू मंदिर में भारतीयों पर हमला, खतरनाक साजिश नाकाम, 19 साल का युवक गिरफ्तार
हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' अपनाने और निर्णायक कार्रवाई करने की आवश्यकता
मंत्रालय ने आगे कहा, 'यह घटना अमेरिका में बढ़ती नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर हमारी चिंताओं को और बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' (सख्त रुख) अपनाने और निर्णायक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।' विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत को उम्मीद है कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की गहन जांच करेंगे, दोषियों को सजा दिलाएंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।
हमले की कथित साजिश
पैलेटाइन पुलिस विभाग, जिसने इस कथित साजिश की जांच की और पैपोराकिस को गिरफ्तार किया, के अनुसार, जांच की शुरुआत 11 अक्टूबर को हुई। उस दिन उन्हें माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभाग से एक संभावित 'मास शूटिंग' (बड़े पैमाने पर गोलीबारी) के बारे में जानकारी मिली थी। यह सूचना एक व्यक्ति ने दी थी, जिसे पैपोराकिस की ओर से 'चिंताजनक' इलेक्ट्रॉनिक संदेश मिले थे।
राइफल की कई भरी हुई मैगजीन, सैकड़ों अतिरिक्त कारतूस आदि चीजें मिलीं
जांचकर्ताओं को पता चला कि पैपोराकिस ने एक दस्तावेज साझा किया था, जिसमें मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित योजना का जिक्र था। उसने एक राइफल, राइफल मैगजीन, बॉडी आर्मर (सुरक्षा कवच) और अन्य सामरिक उपकरणों की तस्वीरें भी साझा की थीं। पुलिस ने संदिग्ध को तब गिरफ्तार किया, जब वह अपने घर से बाहर निकल रहा था। बाद में घर की तलाशी लेने पर एक राइफल, राइफल की कई भरी हुई मैगज़ीन, सैकड़ों अतिरिक्त कारतूस, सामरिक उपकरण और जांच से जुड़ी अन्य चीजें मिलीं।
