LIVE

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 12 अप्रैल 2024: सिसोदिया की जमानत पर कोर्ट ने ED-CBI से मांगा जवाब, PM मोदी ने चुनावी जनसभा में परिवारवाद को कोसा

Shashank Shekhar MishraUpdated Apr 12, 2024, 22:51 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 12 अप्रैल 2024: सिसोदिया की जमानत पर कोर्ट ने ED-CBI से मांगा जवाब, PM मोदी ने चुनावी जनसभा में परिवारवाद को कोसा
आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 12 अप्रैल 2024: सिसोदिया की जमानत पर कोर्ट ने ED-CBI से मांगा जवाब, PM मोदी ने चुनावी जनसभा में परिवारवाद को कोसा

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 12 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया ने लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने याचिका दायर कर अंतरिम जमानत की मांग की है। अब दिल्ली कोर्ट ने सिसोदिया की याचिका पर ईडी और सीबीआई से जवाब मांगा है। इस मामले में अगली सुनवाई 20 अप्रैल को होनी है। बता दें, सीबीआई ने दिल्ली शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया को बीते साल 26 फरवरी, 2023 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने 9 मार्च, 2023 को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनकी गिरफ्तारी की थी। तब से सिसोदिया जेल में ही हैं, उन्होंने 28 फरवरी, 2023 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर के उधमपुर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दशकों बाद ये पहला चुनाव है, जब आतंकवाद, अलगाववाद, पत्थरबाजी, बंद, हड़ताल, सीमा पार से गोलीबारी, ये चुनाव के मुद्दे ही नहीं हैं। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

LSG vs DC Live Score Today Match

APR 12, 2024 22:22 IST

संदेशखालि: CBI को ईमेल आईडी पर लगभग 50 शिकायतें प्राप्त हुईं

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को पश्चिम बंगाल के संदेशखालि गांव में जमीन पर कब्जा किये जाने, महिलाओं पर अत्याचार और अन्य अपराधों से संबंधित लगभग 50 शिकायत मिली हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
APR 12, 2024 21:44 IST

दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए मिला 168 रन का लक्ष्य

लखनऊ सुपरजायंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में शुक्रवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 167 रन बनाये। दिल्ली को जीत के लिए 168 रन बनाने होंगे।
APR 12, 2024 20:53 IST

उद्धव ठाकरे ने मुंबई लोकल में किया सफर

APR 12, 2024 20:36 IST

हरियाणा: नौकरी का झांसा देकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म

हरियाणा के जींद में नौकरी का झांसा देकर पंजाब की युवती से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब की एक युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गयी।
APR 12, 2024 19:52 IST

यूपी में सपा और विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवारों को AAP का समर्थन

आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के उम्मीदवारों को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि ये चुनाव लोकतंत्र को बचाने और 'तानाशाह सरकार' को खत्म करने का है।आप की राज्य इकाई के प्रभारी और राज्‍यसभा सदस्‍य संजय सिंह ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की मौजूदगी में शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में यह घोषणा की।
APR 12, 2024 18:56 IST

ईरान-इजराइल युद्ध: भारत ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

ईरान और इजराइल में युद्ध के आसार के बीच भारत ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर, नागरिकों से दोनों देशों की यात्रा न करने की अपील की है।
APR 12, 2024 17:59 IST

सपा ने कौशांबी और कुशीनगर से लोकसभा उम्मीदवार घोषित किये

विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश की कौशांबी और कुशीनगर लोकसभा सीट के लिए शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके अनुसार कौशांबी (आरक्षित) से पुष्‍पेन्‍द्र सरोज और कुशीनगर से अजय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू सैंथवार को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
APR 12, 2024 17:57 IST

15 अप्रैल को तिहाड़ में केजरीवाल से मिलेंगे भगवंत मान

तिहाड़ जेल सूत्रों के मुताबिक 15 अप्रैल को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवन्त मान तिहाड़ जेल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर सकेंगे।
APR 12, 2024 17:22 IST

बदायूं से शिवपाल यादव नहीं लड़ेंगे चुनाव

बदायूं से सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव चुनाव नहीं लड़ेंगे, उनकी जगह आदित्य यादव नामांकन दाखिल करेंगे।
APR 12, 2024 17:02 IST

शराब घोटाला: के कविता को 15 अप्रैल तक CBI हिरासत

दिल्ली शराब घोटाले में अदालत ने बीआरएस नेता के कविता को 15 अप्रैल तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया है।
APR 12, 2024 16:43 IST

कांग्रेस कुछ सालों में डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाएगी: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि कांग्रेस कुछ सालों में डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाएगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सिंह ने कांग्रेस के अंदर चल रही गुटबाजी को टेलीविजन के रियल्टी शो 'बिग बॉस' के घर में होने वाली लड़ाई से तुलना करते हुए कहा कि पार्टी के नेता रोजाना एक दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस से नेताओं का बाहर निकलना जारी है। एक के बाद एक नेता पार्टी छोड़ रहे हैं और भाजपा में शामिल हो रहे हैं। मुझे डर है कि आज से कुछ सालों में कांग्रेस डायनासोर की तरह विलुप्त न हो जाए।’ उन्नीस अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले पौड़ी लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘2024 के बाद कुछ सालों में अगर हम कांग्रेस का नाम लेंगे तो बच्चे पूछेंगे कि कौन?’ उन्होंने कहा, ‘वे (कांग्रेस नेता) हर दिन एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। उनकी पार्टी टेलीविजन पर बिग बॉस के घर की तरह हो गई है। रोजाना वे एक -दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं।’
APR 12, 2024 16:42 IST

अरुणाचल प्रदेश में केंद्रीय बलों की 10 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की जाएंगी

निर्वाचन आयोग अरुणाचल प्रदेश में चुनावों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 10 अतिरिक्त कंपनियां तैनात करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राज्य की 50 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। अरुणाचल प्रदेश में 60 सदस्यीय विधानसभा है और सत्तारूढ़ भाजपा पहले ही 10 सीट निर्विरोध जीत चुकी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार साईं ने कहा, ‘निर्वाचन आयोग राज्य में जमीनी रिपोर्ट का आकलन करने के बाद अर्द्धसैनिक बलों की 10 अतिरिक्त कंपनियां तैनात करेगा।’ उन्होंने कहा कि वर्तमान में सीएपीएफ, राज्य सशस्त्र पुलिस और आईआरबीएन की कुल 70 कंपनियां राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात हैं और अतिरिक्त बल अगले सप्ताह तक पहुंचेंगे। साईं ने कहा, ‘राज्य में चुनाव के लिए सुरक्षा कर्मियों की यह अब तक की सबसे अधिक तैनाती है। उनका मुख्य कार्य लोगों के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा करना है।’
APR 12, 2024 16:39 IST

बाबा साहब आंबेडकर खुद आ जाएं तो भी संविधान खत्म नहीं कर सकते: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के संविधान को केंद्र सरकार के लिए 'गीता, रामायण, महाभारत एवं कुरान' करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि बाबा साहब आंबेडकर खुद आ जाएं तो भी संविधान खत्म नहीं कर सकते। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव आता है संविधान के नाम पर झूठ बोलना 'इंडी एलायंस' के सभी साथियों का फैशन बन गया है और कांग्रेस मोदी को गाली देने के लिए संविधान के नाम पर झूठ की आड़ ले रही है। मोदी ने कहा कि एक तरफ मोदी भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में जुटा है जबकि दूसरी तरफ ‘इंडी’ गठबंधन वाले भारत को कमजोर देश बनाने का ऐलान कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर
APR 12, 2024 16:37 IST

निजी कारणों से पेरिस ओलंपिक में अभियान प्रमुख पद से हटीं मैरी कॉम

छह बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज एम सी मैरी कॉम शुक्रवार को आगामी पेरिस ओलंपिक के लिये भारत के अभियान प्रमुख के पद से हट गई है। उन्होंने कहा कि निजी कारणों से उनके पास अब कोई विकल्प नहीं है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पी टी उषा ने कहा कि मैरी कॉम ने उन्हें पत्र लिखकर इस जिम्मेदारी से फारिग करने के लिये कहा है। मैरी कॉम ने उषा को लिखे पत्र में कहा, ‘देश की किसी भी रूप में सेवा करना फख्र की बात है और मैं इसके लिये मानसिक रूप से तैयार थी। लेकिन मुझे खेद है कि मैं यह जिम्मेदारी नहीं उठा सकूंगी । मैं निजी कारणों से पीछे हट रही हूं।’ उन्होंने कहा, ‘इस तरह से पीछे हटने से शर्मिंदा हूं क्योंकि मैं ऐसा करती नहीं हूं लेकिन मेरे पास कोई विकल्प नहीं है । मैं ओलंपिक खेलों में भाग ले रहे अपने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिये हमेशा रहूंगी।’ आईओए ने 21 मार्च को उनकी नियुक्ति का ऐलान किया था।
APR 12, 2024 15:59 IST

पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर नड्डा ने मीसा की निंदा की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख जे पी नड्डा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जेल संबंधी टिप्पणी करने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता मीसा भारती पर निशाना साधा और दावा किया कि ‘इंडी’ ब्लॉक के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों में या तो जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार को देखकर विपक्षी गठबंधन बौखला गया है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती ने हाल में बिहार के पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान केंद्र पर हमला किया, जहां से वह अपनी पार्टी की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। मीसा भारती ने कहा कि अगर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो प्रधानमंत्री मोदी सलाखों के पीछे होंगे। नड्डा ने आज यहां एक चुनावी सभा में कहा, 'इंडी गठबंधन के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों में या तो जेल में हैं या जमानत पर हैं। क्या आप ऐसे लोगों को सरकार सौंपना चाहते हैं? इंडी गठबंधन हताश हो गया है क्योंकि उसके नेताओं को एहसास हो गया है कि उनकी हार आसन्न है। वे एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं और हताशा में मोदीजी को गालियां दे रहे हैं।'
APR 12, 2024 15:58 IST

जम्मू कश्मीर में कब होंगे विधानसभा चुनाव: कांग्रेस का प्रधानमंत्री से सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जम्मू कश्मीर के उधमपुर में आयोजित रैली के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर केंद्र शासित प्रदेश में लोकतंत्र को निलंबित करने का आरोप लगाया और पूछा कि वहां विधानसभा चुनाव कब होंगे? कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर लिखा कि आज प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर के उधमपुर गए, जहां शासन की बागडोर अपने हाथ में रखने के लिए भाजपा सरकार ने हर स्तर के लोकतंत्र को ‘सस्पेंड’ कर दिया है और चुनाव कराने से इनकार कर रही है। रमेश का यह सोशल मीडिया पोस्ट ऐसे समय में आया जब प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को उधमपुर में अपनी रैली में कहा कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का समय दूर नहीं है और केंद्र शासित प्रदेश के लोग जल्द ही मंत्रियों और विधायकों के साथ अपने मुद्दे साझा कर सकेंगे। रमेश ने कहा, ‘लोकतंत्र को निलंबित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को चार प्रश्नों का जवाब देना चाहिए।’ रमेश ने कहा ‘जब से भाजपा ने 2018 में ‘बिगड़ती सुरक्षा स्थिति’ का हवाला देते हुए महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली सरकार से समर्थन वापस लिया, तब से यह पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य केंद्र सरकार के सीधे शासन के अधीन है। जम्मू-कश्मीर के लोग बिना किसी निर्वाचित सरकार के हैं।’
APR 12, 2024 15:57 IST

राहुल गांधी अब वायनाड को अपना परिवार बता रहे हैं: स्मृति ईरानी

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी से सांसद रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को यहां कहा कि सभी ने नाम बदलते, गांव बदलते सुना है, लेकिन परिवार बदलते किसी ने नहीं सुना। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वायनाड में कहा कि वायनाड उनका परिवार है और वहां के लोग वफादार हैं। ईरानी ने कहा, ‘इसका मतलब यह हुआ कि 15 साल तक जहां के वह (राहुल) सांसद रहे उस अमेठी के लोग वफादार नहीं हैं। वह वायनाड में जाकर अमेठी को गालियां देते हैं। ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए इस बार अमेठी का मतदाता तैयार है।’ यहां अपने आवास पर यादव बिरादरी के लोगों से मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांधी खानदान खासकर राहुल गांधी चाहते थे कि अमेठी में लोग गरीब बने रहें, इसीलिए जब कोई गरीब का बेटा भारत का प्रधान सेवक बनता है उसे ये पचा नहीं पाते। उन्होंने कहा कि गरीबी झेलकर अपनी मेहनत, लगन और ईमानदारी के बल पर आप सभी के आशीर्वाद से देश के प्रधान सेवक बने नरेन्द्र मोदी को कांग्रेस या गांधी खानदान पचा नहीं पा रहा है। ईरानी ने कहा, ‘राहुल गांधी के 15 साल बनाम मेरे पांच साल को देखा जाए तो दिखाई पड़ता है कि गांधी खानदान ने किस तरीके से अमेठी की उपेक्षा की। अमेठी में उन्होंने जो 50 साल में नहीं किया, राहुल गांधी ने जो 15 साल में नहीं किया उसे डबल इंजन की सरकार ने पांच साल में करके दिखाया है।’ उन्होंने कहा, ‘आप सभी ने कभी अमेठी में ऐसा सांसद नहीं देखा होगा जो गांव में खड़े होकर नालियों की साफ सफाई कराए। लेकिन आप सब ने मुझे बहन माना तो मैंने बहन का फर्ज निभाया।’
APR 12, 2024 15:48 IST

मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर कोर्ट ने ED-CBI से मांगा जवाब

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया ने लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए राउज एवेन्यू कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने याचिका दायर कर अंतरिम जमानत की मांग की है। अब दिल्ली कोर्ट ने सिसोदिया की याचिका पर ईडी और सीबीआई से जवाब मांगा है। इस मामले में अगली सुनवाई 20 अप्रैल को होनी है। पढ़ें पूरी खबर
APR 12, 2024 14:55 IST

बंगाल के खिलाफ अफवाहें फैला रही है भाजपा: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बनने संबंधी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों के लिए शुक्रवार को पार्टी की आलोचना की और कहा कि बेंगलुरु विस्फोट मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी राज्य पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण ही संभव हो सकी है। दरअसल बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट मामले में शुक्रवार को पश्चिम बंगाल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जिसके बाद से राज्य में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया। राज्य में विपक्षी दल भाजपा ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन ने राज्य को आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बना दिया है। बनर्जी ने कूचबिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा,‘सुना है कि भाजपा के एक नेता कह रहे थे कि बंगाल सुरक्षित नहीं है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन राज्यों के बारे में क्या जहां आप सत्ता में हैं?’ उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश, राजस्थान,दिल्ली,गुजरात और बिहार के बारे में क्या कहना है?’ बनर्जी ने भाजपा पर राज्य के खिलाफ अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने और चुनावों में ‘राजनीतिक दलों को समान अवसर’ नहीं देने का आरोप भी लगाया।
APR 12, 2024 14:01 IST

हिमाचल के आनी में कार दुर्घटनाग्रस्त, 4 की मौत

हिमाचल प्रदेश के राणाबाग-करशाला मार्ग पर चोईनाला में एक मारुति ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आनी से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया।