UP Pragati Ka Mahamarg 2026: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों से पहले अपनी सरकार के विजन, कानून-व्यवस्था और विपक्ष के दावों पर खुलकर बात की है। 'नवनिर्माण मंच गंगा एक्सप्रेसवे: उत्तर प्रदेश प्रगति का महामार्ग 2026' के मंच से टाइम्स नाउ के रंजीत कुमार के साथ बातचीत करते हुए ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद उत्तर प्रदेश के नेताओं ने अपनी कार्यशैली में बड़ा बदलाव किया है और अब राजनीति का केंद्र 'भौकाल' नहीं बल्कि 'जनसेवा' है।
विपक्ष पर भी किया पलटवार
काफिले पर कैंची और कम खर्च का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी के सादगी और तेल बचाने के आह्वान पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने बताया कि उन्होंने अपने सुरक्षा काफिले को सीमित कर दिया है। उन्होंने कहा, "आज मेरे साथ सिर्फ दो गाड़ियां हैं। जब हमारे नेता प्रधानमंत्री मोदी फिजूलखर्ची रोकने का संदेश देते हैं, तो हम कार्यकर्ता उसे जन-जन तक पहुंचाते हैं।" उन्होंने पुरानी राजनीतिक संस्कृति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले नेताओं के पीछे चलने वाली गाड़ियां कार्यकर्ताओं की होती थीं, लेकिन अब यूपी में 'बंदूक और भौकाल' वाली राजनीति का दौर खत्म हो चुका है और कानून का राज स्थापित है।
विपक्ष के 'दो स्टूल' वाले तंज पर जवाब
अखिलेश यादव द्वारा हाल ही में किए गए "दो स्टूल मिलाकर एक कुर्सी नहीं बनती" वाले कमेंट पर पलटवार करते हुए पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश की मनस्थिति हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी होती है। उन्होंने कहा, "हम सक्षम होने के बावजूद खुद को गरीब जनता का सेवक मानते हैं। स्टूल तो बड़ी बात है, हम जनता के लिए जमीन पर बैठने को भी तैयार हैं। यूपी में अब कुर्सी की दौड़ नहीं, बल्कि इस बात की होड़ है कि कौन सबसे बेहतर सेवा कर सकता है।"
पेपर लीक और युवाओं का भविष्य
नीट (NEET) और पुलिस भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर उपमुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने युवाओं को आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार किसी की प्रतिभा के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने तर्क दिया, "सिस्टम में कुछ लोग गड़बड़ी कर देते हैं, लेकिन हमारी सरकार ने लीपापोती करने के बजाय परीक्षाओं को रद्द कर दोषियों पर एनएसए (NSA) लगाने का साहस दिखाया है। हम युवाओं की प्रतिभा को बेहतर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
मुस्लिम नेतृत्व पर बड़ी बात
मुस्लिम समुदाय की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करते हुए ब्रजेश पाठक ने एक गंभीर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा कहता हूं कि अब्दुल कब तक दरी बिछाएगा? 20% वोट बैंक होने के बावजूद वे पीछे की लाइन में खड़े हैं और 6% वाले नेतृत्व कर रहे हैं।" उन्होंने अल्पसंख्यकों से अपील की कि वे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियों का दामन छोड़कर अपना नया और स्वतंत्र नेतृत्व चुनें। पाठक ने दावा किया कि उनकी सरकार की 75% योजनाओं के लाभार्थी अल्पसंख्यक समाज से ही आते हैं।
2027 का आकलन और 'योगी मॉडल'
आगामी 2027 के चुनावों पर आत्मविश्वास जताते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति का हवाला देते हुए बताया कि राज्य अब जीएसटी संग्रह में कर्नाटक और तमिलनाडु को पीछे छोड़कर महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर आ गया है। 'योगी मॉडल' और बुलडोजर की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकारी जमीन या सड़क कब्जा कर निर्माण करेगा, तो कानून अपना काम करेगा और बुलडोजर भी चलेगा।
