देश

नोट कीजिए, अगले 6 महीने में UP के युवाओं के लिए 1 लाख नौकरी देंगे- सीएम योगी का ऐलान

UP News: उत्तर प्रदेश में अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को सरकार नौकरी देगी। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने इसका ऐलान मंगलवार को लखनऊ में किया।

Image

सीएम योगी ने एक लाख नौकरियों का ऐलान (फोटो- @myogiadityanath)

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि सरकार अगले छह महीनों के भीतर 1 लाख नौजवानों को सरकारी नियुक्ति पत्र देने जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हर सप्ताह अलग-अलग चरणों में पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब प्रदेश में नियुक्तियां पूरी तरह निष्पक्षता और योग्यता के आधार पर हो रही हैं, जिन पर कोई सवाल नहीं उठा सकता।

"अगले 6 महीने में 1 लाख सरकारी नौकरियां"

सीएम योगी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा: "मैं प्रदेश भर के युवाओं को इस बात के लिए आश्वस्त कर रहा हूं कि नोट करिए- अगले 6 महीने के अंदर 1 लाख नौजवानों को सरकारी नियुक्ति पत्र अलग-अलग स्टेज में हर सप्ताह उपलब्ध करवाने जा रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के युवाओं को बिना किसी भेदभाव और भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है।

2017 से पहले की व्यवस्था पर साधा निशाना

वर्ष 2017 से पहले की स्थितियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्ती का विज्ञापन निकलते ही भ्रष्टाचार का खेल शुरू हो जाता था। सीएम ने कहा कि 2017 से पहले नियुक्ति का विज्ञापन निकलते ही 'चाचा-भतीजे की जोड़ी और महाभारत का पूरा खानदान' वसूली के लिए निकल पड़ता था। नौजवान भटकता रहता था और कोई परिणाम नहीं आता था। गलतियों और भ्रष्टाचार के कारण अंततः माननीय न्यायालय को भर्तियों पर स्टे लगाना पड़ता था, जिससे युवाओं का समय और उम्र दोनों खराब होती थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें गलती युवाओं की नहीं, बल्कि उस समय के आयोगों, बोर्डों और सरकारों में बैठे भ्रष्ट और बेईमान लोगों की होती थी, जो युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते थे।

नकल माफिया की तोड़ी कमर

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि राज्य में नकल माफिया और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार ने नकल माफिया और उनके आकाओं की कमर तोड़ दी है। इस दौरान बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए माफिया की संपत्तियों को जब्त किया गया और उनसे नुकसान की वसूली भी की गई। वर्तमान सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि राज्य की प्रशासनिक और भर्ती प्रणाली से बेईमानों को बाहर का रास्ता दिखाया जाए और केवल योग्य युवाओं को उनका हक मिले।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article