UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन और सीट शेयरिंग फॉर्मूले को लेकर कवायद तेज हो गई। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पिछले दिनों आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य से अलग-अलग मुलाकात की।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता दीपांकर भट्टाचार्य से की मुलाकात (फोटो साभार: @yadavakhilesh)
दीपांकर भट्टाचार्य से मिले अखिलेश यादव
सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर बातचीत से पहले अखिलेश यादव ने गुरुवार को भट्टाचार्य और शुक्रवार को संजय सिंह से मुलाकात की। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इन बैठकों में विपक्ष के चुनावी अभियान में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के आंदोलन से जुड़े चर्चित चेहरों को शामिल करने की संभावना पर भी बातचीत हुई। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत अभी शुरुआती स्तर पर है।
सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी और भाकपा (माले) फिलहाल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर होने वाली बातचीत के नतीजे का इंतजार कर रही हैं। माना जा रहा है कि दोनों दल कुछ विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि सीजेपी आंदोलन के प्रमुख चेहरों का चुनाव प्रचार में इस्तेमाल सपा के लिए फायदेमंद हो सकता है।
सनद रहे कि सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके और पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका पहले आम आदमी पार्टी के साथ काम कर चुके हैं। वहीं, भाकपा (माले) की छात्र इकाई ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए छात्र आंदोलनों का प्रमुख चेहरा बनकर उभरी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'कल तक पिछड़ा, अब पंडित, फिर पता नहीं...', आकाश आनंद ने अखिलेश पर कसा तंज
अखिलेश से मिले दीपंकर भट्टाचार्य
भाकपा (माले) महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि उन्होंने गुरुवार को लखनऊ स्थित अखिलेश यादव के कार्यालय में उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान पार्टी के उत्तर प्रदेश सचिव सुधाकर यादव, पोलित ब्यूरो सदस्य रामजी राय और केंद्रीय मुख्यालय से एन साई बालाजी भी मौजूद थे। भट्टाचार्य ने बताया कि बैठक में उत्तर प्रदेश के बदलते राजनीतिक हालात का जायजा लिया गया।
