CM Yogi Meets Amit Shah: लोकसभा चुनाव 2024 नतीजों के बाद अब भाजपा में सियासी हलचलें बढ़ गई हैं। रविवार 9 जून को मोदी सरकार 3.0 के मंत्रियों ने शपथ ली है। आज मोदी कैबिनेट की पहली बैठक भी होने जा रही है। इस बीच दिल्ली में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद दोनों नेताओं के बीच ये पहली बैठक है। इस चुनाव में भाजपा को यूपी में बड़ा झटका लगा है जिससे उसकी पूरी रणनीति ही गड़बड़ा गई।
अमित शाह से मिले सीएम योगी
शाह-गडकरी-राजनाथ से की मुलाकात
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उन्हें केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में फिर से मंत्री बनने पर बधाई दी। बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ की आज ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात हो सकती है। नड्डा ने भी रविवार को राष्ट्रपति भवन में केंद्रीय मंत्री के तौर पर शपथ ली है। योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की तस्वीर को एक्स पर शेयर करते हुए कहा, माननीय केंद्रीय मंत्री अमित शाह जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई दी। अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु आपका हार्दिक आभार!
नितिन गडकरी के साथ मुलाकात की तस्वीर को साझा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर कहा, नई दिल्ली में आज माननीय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई दी। अपना अमूल्य समय प्रदान करने हेतु आपका हार्दिक आभार!
राजनाथ सिंह के साथ मुलाकात की तस्वीर को शेयर करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक्स पर कहा, माननीय केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई दी। अपना अमूल्य समय प्रदान करने हेतु आपका हार्दिक आभार!
लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा ने एनडीए के सहयोगी दलों के साथ मिलकर केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार का गठन कर लिया है। हालांकि उत्तर प्रदेश में आए चुनावी नतीजों ने पार्टी आलाकमान को चिंतित कर दिया है और पार्टी इसकी समीक्षा भी कर रही है।
यूपी में भाजपा को हुआ बड़ा नुकसान
यूपी चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और उसे बड़ नुकसान हुआ। भाजपा को यूपी में 33 सीटें मिली, जबकि समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस 6 ने सीटों पर कब्जा जमाया। यूपी में स्मृति ईरानी जैसे भाजपा के कई दिग्गज तक हार गए। यूपी में बड़ी हार के बाद अब समीक्षा का दौर है। इसी सिलसिले में योगी आदित्यनाथ और अमित शाह की इस बैठक को अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ राजनाथ सिंह से भी मुलाकात करेंगे।
योगी पर जताया भरोसा
हालांकि, सीएम योगी को शीर्ष नेतृत्व का पूरा भरोसा हासिल है। इसके संकते एनडीए बैठक में भी मिले जब पीएम मोदी ने उनकी पीठ थपथपाई थी। एनडीए मीटिंग के अंत में सभी नेताओं ने नरेंद्र मोदी को गुलदस्ता भेंट करते हुए उनका अभिवादन किया था। इनमें यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल थे। जब योगी, नरेंद्र मोदी के करीब पहुंचे और उनका अभिवादन किया, तब मोदी ने जोर से उनकी पीठ थपथपाई। इससे संकेत मिला की योगी पर शीर्ष नेताओं का भरोसा कायम है।
