Illegal Religious Conversion Racket: अवैध धर्मांतरण रैकेट के मास्टरमाइंड जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मामले की जांच अब यूपी एटीएस से लेकर ईडी तक कर रही है, और अब तक की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ चुके हैं। इसी बीच छांगुर बाबा से जुड़े मामले में गिरफ्तारियों का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल फिलहाल कार्रवाई में यूपी एटीएस ने धर्मांतरण गिरोह से जुड़े दो और अहम आरोपियों शहाबुद्दीन और सबरोज को गिरफ्तार किया है।
अवैध धर्मांतरण रैकेट के 2 और आरोपी गिरफ्तार (Photo: ANI)
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने शनिवार को छांगुर बाबा उर्फ जमालुद्दीन के करीबी और धर्मांतरण गिरोह के सक्रिय सदस्य सबरोज उर्फ इमरान उर्फ बुद्धू (42) और शहाबुद्दीन (36) को बलरामपुर से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी थाना गैड़ास बुजुर्ग के ग्राम रेहरामाफी के निवासी हैं और लंबे समय से छांगुर के इशारे पर धर्मांतरण गतिविधियों में शामिल थे। इन पर पहले से ही एफआईआर में नामजद होकर वांछित चलने का आरोप था।
जल्द होगी कानूनी कार्रवाई
एटीएस ने बताया कि इन्हें मु.अ.स.-08/24 में IPC की धाराएं 121A, 417, 420, 153A और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही दोनों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी राजीव कृष्ण के अनुसार छांगुर बाबा के नेतृत्व वाले अवैध धर्मांतरण सिंडिकेट का यूपी एसटीएफ और एटीएस द्वारा खुलासा किया गया है। ऐसे में लगातार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारियां की जा रही हैं।
