Covid-19: देश में कोरोना के बढ़ते मामलों और नए वैरिएंट JN.1 ने सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आज एक अहम बैठक बुलाई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि अस्पतालों की तैयारी, आरटीपीसी आर टेस्ट को बढ़ाने, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने सहित त्योहार में सतर्कता बरतने पर बात हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। सिर्फ सावधानी बरतनी है। इससे पहले भी केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अलर्ट जारी किया था।
देश में बढ़ रहे कोरोना मामले
बता दें, पिछले 24 घंटों में देश मे 341 मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोविड-19 मामलों की एक्टिव केस की संख्या 2311 तक पहुंच गई है। कल तक ऐक्टिव मरीजों की संख्या1970 थी। वहीं राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के मामलों में उछाल हुआ है, आज तीन नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद सक्रिय मरीजों की संख्या 4 हो गई है। वहीं केरल सबसे जयादा प्रभावित राज्य है, जहां एक्टिव मामले 2041 हैं। पिछले 24 घंटों में 292 मामले आये हैं, 90 परसेंट मामले केरल से देखने को मिल रहें है। केरल मे 3 मौतें भी दर्ज की गयी है।
WHO ने वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट की सूची में किया शामिल
कोरोना वैरिएंट JN.1 के तेजी से बढ़ते प्रसार के कारण WHO वैरिएंट JN.1 को मूल वंशावली BA.2.86 से अलग वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट (VOI) के रूप में वर्गीकृत किया है। इसे पहले BA.2.86 सबलाइनेज के भाग के रूप में VOI के रूप में वर्गीकृत किया गया था। अभी मौजूद जानकारी के आधार पर, JN.1 से स्वास्थ्य के लिए खतरा फिल्हाल कम माना गया है। सर्दियों की शुरुआत के साथ, JN.1 कई देशों में श्वसन संक्रमण से संबंधी दिक्कतें बढ़ा सकता है। WHO लगातार इसकी निगरानी कर रहा है।
मौजूदा वैक्सीन है कारगर
मौजूदा समय में जो वैक्सीन उपलब्ध है वो JN.1 और SARS-CoV-2 के अन्य वैरिएंट, जो कि COVID-19 का कारण बनता है, से होने वाली गंभीर बीमारी और मृत्यु से रक्षा करने मे कारगर है। फिल्हाल अभी कुछ समय मे केवल कोविड-19 नहीं फैल रहा, बल्कि कई श्वसन संबंधी बीमारी बढ़ी हैं। इन्फ्लुएंजा, आरएसवी और निमोनिया बढ़ रहा है। WHO लोगों को सभी उपलब्ध उपकरणों का उपयोग करके संक्रमण और गंभीर बीमारी को रोकने के उपाय करने की सलाह ही है।
- भीड़-भाड़ वाले, बंद या कम हवादार इलाकों में मास्क पहनें और जहां तक संभव हो दूसरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- श्वसन शिष्टाचार का अभ्यास करें - खांसते और छींकते समय मुंह ढकें।
- अपने हाथ नियमित रूप से साफ करें।
- कोविड-19 और इन्फ्लूएंजा के खिलाफ टीकाकरण के साथ अपडेट रहें, खासकर यदि आप गंभीर बीमारी के उच्च जोखिम में हैं।
- अगर आप बीमार हैं तो घर पर रहें।
- यदि आपमें लक्षण हैं, या यदि आप COVID-19 या इन्फ्लूएंजा वाले किसी व्यक्ति के संपर्क में आए हैं तो परीक्षण करवाएं।
