देश

'...देश कभी नहीं करेगा माफ', राष्ट्रपति अभिभाषण के बाद विपक्ष पर भड़के किरेन रिरिजू, राहुल-खरगे को भी घेरा

Budget Session: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को विपक्ष के व्यवहार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने जो व्यवहार किया, उससे देश शर्मसार हुआ है।

Image

'...देश कभी नहीं करेगा माफ', राष्ट्रपति अभिभाषण के बाद विपक्ष पर भड़के किरेन रिरिजू, राहुल-खरगे को भी घेरा

Budget Session: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को राष्ट्रपति अभिभाषण के दौरान विपक्ष के व्यवहार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने जो व्यवहार किया, उससे देश शर्मसार हुआ है। रिजिजू ने कहा, "राष्ट्रपति जब संसद के दोनों सदनों को संबोधित कर रही थीं, उस समय विपक्ष ने जो किया, उससे देश शर्मसार है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों को देश कभी माफ नहीं करेगा।''

क्या कुछ बोले किरेन रिजिजू?

समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिरिजू ने कहा, ''क्या एक जिम्मेदार सांसद इस तरह व्यवहार कर सकता है? जब वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ का जिक्र और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को श्रद्धांजलि दी जा रही थी, तब विपक्ष हंगामा करने लगा। जब श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस का उल्लेख किया गया, उस वक्त भी विपक्ष ने हंगामा किया। बाबासाहेब आंबेडकर की 150वीं जयंती और भारत रत्न भूपेन हजारिका की शताब्दी समारोह का उल्लेख किया तब भी हंगामा हुआ।''

उन्होंने आगे कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर, वंदे मातरम, बंकिम चंद्र चटर्जी और सरदार पटेल की वर्षगांठ बहुत अहम विषय हैं और सभी को झुककर प्रणाम करना चाहिए। राष्ट्रपति जब संसद को संबोधित करते हैं तो सभी को उनका स्वागत करना चाहिए, लेकिन ऐसे समय में वह नारेबाजी करके उनका अपमान कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''मैं अपना अपमान सह सकता हूं, लेकिन गुरु तेग बहादुर, भूपेन हजारिका, सरदार पटेल, बिरसा मुंडा की 125वीं जयंती और वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ का अपमान नहीं सह सकता। देश कभी माफ नहीं करेगा। राजनीति हर विषय पर की जा सकती है, लेकिन इन मुद्दों पर राजनीति को देश माफ नहीं करेगा।''

राहुल-खरगे को भी घेरा

इसके अलावा, किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। रिजिजू ने कहा, ''कम से कम खरगे जी और राहुल जी को विपक्षी सांसदों से कहना चाहिए था कि वे हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान को कम करके वंदे मातरम का अपमान न करें। इसके बजाय वे दोनों भी खड़े होकर माननीय राष्ट्रपति के भाषण में बाधा डाल रहे थे।''

बजट सत्र की हुई शुरुआत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इसी के साथ ही बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू छह घोड़ों द्वारा खींची जाने वाली पारंपरिक बग्घी में सवार हो कर संसद पहुंचीं। उनके साथ राष्ट्रपति का अश्वारोही अंगरक्षक दल का दस्ता भी था। संसद भवन के लॉन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा अध्यक्ष बिरला और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू उन्हें लोकसभा कक्ष तक लेकर गए।

राष्ट्रपति के आगमन से पहले, पारंपरिक वेशभूषा पहने लोकसभा के एक वरिष्ठ मार्शल ने 'राजदंड' (सेंगोल) को उसके स्थान से हटाया और ड्रम की थाप के बीच अध्यक्ष ओम बिरला के साथ जुलूस के रूप में आगे बढ़े।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article