Top News Today, 13 May 2023: यूपी निकाय चुनाव में योगी लहर में सपा, बसपा और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। सभी 17 मेयर सीटों पर या तो बीजेपी जीत हासिल कर चुकी है। या फिर इतनी बढ़त बना ली है कि वो जीत के पास है। यानि कि यूपी के सभी 17 मेयर सीटों पर बीजेपी का कब्जा हो गया है। वहीं कर्नाटक चुनाव मे ंबीजेपी को बड़ी हार मिली है, कांग्रेस ने यहां बहुमत हासिल कर लिया है। बीजेपी छोड़, कांग्रेस में गए जगदीश शेट्टार चुनाव हार गए हैं। राज्य में बीजेपी के भी कई मंत्री चुनाव हार गए हैं। जलांधर उपचुनाव में आप को जीत मिली है। यूपी के उपचुनाव में भी बीजेपी गठबंधन को जीत मिली है। पढ़ें आज शाम तक की बड़ी और अहम खबरें
आज दिन भर की अहम और बड़ी खबरें
UP Nikay Chunav Winner List: यूपी निकाय चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। सभी मेयर सीटों पर बीजेपी का कब्जा होता दिख रहा है। सीएम योगी का जलवा यूपी नगर निकाय चुनाव में भी देखने को मिला है। यहां सभी 17 मेयर सीटों पर बीजेपी का कब्जा हो गया है।
कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। वो बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है। वही बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कई मौजूदा मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को हार का सामना करना पड़ा है। स्पीकर विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी के अलावा बी श्रीरामुलु, के सुधाकर, जेसी मधुस्वामी, गोविंद करजोल, एमटीबी नागराज और केसी नारायण गौड़ा जैसे बड़े नाम चुनाव हार गए हैं।
Karnataka Election: कर्नाटक चुनाव में किंग बनने का दावा करने वाली जेडीएस किंगमेकर बनने की भी हालत में नहीं है। सीएम बनने का सपना देख रहे कुमारस्वामी, अपनी पार्टी को दूसरे नंबर पर भी पहुंचाने में असफल रहे हैं। कुमारस्वामी की पार्टी को राज्य में बड़ी हार मिली है।
कर्नाटक में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाती नजर आ रही है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की बंपर जीत पर राहुल गांधी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'सबसे पहले मैं कर्नाटक की जनता को, सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई और धन्यवाद देता हूं। जो काम किया है हमारे लोगों ने, उनका आभार। कर्नाटक के चुनाव में एक तरफ पूंजीवादियों की ताकत थी और दूसरी तरफ गरीब थे। हम गरीबों के मुद्दे पर लड़े. हमने मोहब्बत से लड़ाई लड़ी और जनता ने हमें दिखाया कि मोहब्बत इस देश को अच्छी लगती है। ये सबकी जीत है, कर्नाटक की जीत है।
Jalandhar Bypoll Results 2023: पंजाब में अपने पांव जमा चुकी आम आदमी पार्टी ने जालंधर उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। आप की इस सियासी जीत को कई मायनों में अहम माना जा रहा है। जालंधर की ये लोकसभा सीट कांग्रेस नेता संतोख सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी, जिस पर पिछले 24 सालों से कांग्रेस पार्टी का ही कब्जा था। इस बार कांग्रेस के अभेद्य किले को ढहाकर आप ने फिर एक बार अपना करिश्मा दिखा दिया है।
UP Suar Vidhan Sabha By Election Result 2023: उत्तर प्रदेश स्वार विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे साफ हो चुके हैं। यहां पर सबसे बड़ा झटका समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खां को लगा है। रामपुर विधानसभा की सीट छिनने के बाद उनके हाथ से स्वार विधानसभा सीट भी निकल गई है। बेटे अब्दुलला आजम की विधायकी छिनने के बाद इस सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के सहयोगी दल अपना दल (सोनेलाल) के प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।
Karnataka Election Result 2023: कर्नाटक चुनाव से पहले लिंगायत समुदाय के बड़े नेता कहे जाने वाले पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार को आज बड़ा झटका लगा। दरअसल, बीजेपी से बगावत करना उन्हें काफी महंगा पड़ गया और हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट को उनको हार का सामना करना पड़ा। उनको सियासी गुरु मानने वाले बीजेपी के महेश टेंगीनकई ने उन्हें वोटों के अंतर से हराया है।
Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी को सत्ता से बेदखल कर दिया है। कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाती नजर आ रही है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 'आने वाले दिनों में भी जहां-जहां राज्यों के चुनाव होंगे वहां हम कर्नाटक की तरह चुनाव जीतने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। कर्नाटक के विधायकों की बैठक होगी, इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम पर सभी की जो सहमति बनेगी उसे हाईकमान के सामने रखा जाएगा। हाईकमान अंतिम फैसला लेगा।
बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री शनिवार को बिहार पहुंचे, जहां वो पटना के नजदीक नौबतपुर में हनुमान कथा में शामिल होंगे। यहां पहुंचने के बाद बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने ऐसी बात कह दी, जिससे उनके विरोधियों की बोलती बंद हो गई होगी।
धीरे-धीरे गर्मी अपना असर दिखा रही है। चिलचिलाती धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। इसी के साथ एल-नीनो के असर की संभावना भी बढ़ती जा रही है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि एल-नीनो नजदीक आता जा रहा है। अमेरिकी मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस गर्मी में एल-नीनो के विकसित होने की संभावना अब 90 प्रतिशत से अधिक है। मौसम की इस खास घटना में प्रशांत महासागर में पानी सामान्य से अधिक गर्म हो जाता है। इसके विनाशकारी प्रभाव हो सकते हैं, भीषण हीटवेब से लेकर तेज तूफानों का सामना करना पड़ा सकता है।
