Top News Today, 12 May 2023: ज्ञानवापी मस्जिद मामले पर हिंदू पक्ष को बड़ी जीत मिली है। इलाबाद हाईकोर्ट ने 'शिवलिंग' की साइंटिफिक सर्वे कराने का आदेश दे दिया है। सर्वे का काम ASI करेगी। वहीं The Kerala Story पर पश्चिम बंगाल में बैन लगाने पर सुप्रीम कोर्ट ने ममता सरकार को नोटिस जारी किया है। पश्चिम बंगाल के साथ-साथ तमिलनाडु सरकार को भी नोटिस जारी की गई है। महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के विरुद्ध लगे हुए सभी आरोपों को वापस ले लिया और उनका निलंबन रद्द कर दिया है। इतना ही नहीं राज्य सरकार ने निलंबन रद्द करते हुए कहा है कि ये माना जाए कि निलंबन के समय वे ऑन-ड्यूटी थे। पढ़ें आज शाम तक की बड़ी और अहम खबरें
पढ़ें आज शाम तक की बड़ी खबरें
Gyanvapi Masjid Case: वाराणसी के विवादित ज्ञानवापी मामले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट से हिंदू पक्ष को बड़ी जीत मिली है। ज्ञानवापी मस्जिद मामले पर सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) को परिसर में पाए गए 'शिवलिंग' की कार्बन डेटिंग करने की अनुमति दी है।
Parambir Singh News : महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के विरुद्ध लगे हुए सभी आरोपों को वापस ले लिया और उनका निलंबन रद्द कर दिया है। इतना ही नहीं राज्य सरकार ने निलंबन रद्द करते हुए कहा है कि ये माना जाए कि निलंबन के समय वे ऑन-ड्यूटी थे। दरअसल, परमबीर सिंह पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप उस वक्त लगे थे, जब प्रदेश में महाविकास अघाड़ी की सरकार थी। उस समय अनिल देशमुख महाराष्ट्र के गृहमंत्री थे। तब पूर्व पुलिस कमिश्नर ने अनिल देशमुख पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वझे को 100 करोड़ रुपसे की वसूली का लक्ष्य दिया था।
Delhi vs Centre: दिल्ली के IAS अधिकारियों पर नियंत्रण संबंधी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि दिल्ली के अधिकारियों पर पूरा नियंत्रण चुनी हुई सरकार का होगा। अपने निर्णय में सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस, पब्लिक ऑर्डर और भूमि से जुड़े मामलों के अलावा अन्य मामलों पर दिल्ली सरकार निर्णय ले सकती है। कोर्ट ने यह भी कहा था कि दिल्ली के एलजी को एक चुनी हुई सरकार की सलाह को मानना होगा।
Wrestlers Protest : भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पिछले कई दिनों से पहलवानों ने मोर्चा खोल रहा है। इसमें बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न जैसे संगीन आरोप लगे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ बड़ी संख्या में पहलवान धरना दे रहे हैं। हालांकि पहलवानों की मांग पर दिल्ली पुलिस ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर दो एफआईआर दर्ज की हैं। विगत बुधवार को पुलिस ने धारा 164 के तहत पीड़िता के बयान रिकॉर्ड किए इसके बाद आज बृजभूषण सिंह भी दिल्ली पुलिस के सामने पेश हुए और उन्होंने अपने बयान दर्ज कराए हैं।
Weather Forecast : बिहार की राजधानी में मई महीने की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई थी, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदल चुका है। दरअसल, मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूर्वोत्तर बिहार कुछ राज्यों में हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले तीन से चार दिनों में ही भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिल सकेगी। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वैज्ञानिक एवं प्रमुख आशीष कुमार ने ये भी कहा है कि पूर्व की ओर से आने वाली हवाएं अपने साथ थोड़ी नमी लेकर आएंगी, जिसके कारण तापमान में एक से दो डिग्री तक गिरावट होगी।
Delhi Ladli Scheme: दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को लाडली योजना के उचित कार्यान्वयन के अनुरोध वाली याचिका पर दिल्ली सरकार का पक्ष मांगा है। दिल्ली सरकार इस योजना का उद्देश्य लड़कियों की शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करके उनकी सामाजिक स्थिति को मजबूत करना है। मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ ने दिल्ली सरकार के वकील से उस जनहित याचिका पर निर्देश लेने के लिए कहा, जिसमें दावा किया गया है कि योजना के तहत उपलब्ध 364 करोड़ रुपये की धनराशि का कोई उपयोग नहीं किया गया है।
CBSE Board Result : सीबीएसई बोर्ड ने शुक्रवार को 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए। रिजल्ट आते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तीर्ण हुए छात्रों को बधाई दी। पीएम ने उन्हें 'एग्जाम वॉरियर्स' की संज्ञा दी और कहा कि जो छात्र महसूस करते हैं कि वे बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे, उनके पास अभी आगे देखने के लिए काफी कुछ है, क्योंकि एक परीक्षा किसी व्यक्ति को परिभाषित नहीं करती है। बता दें कि सीबीएसई बोर्ड के 12वीं की परीक्षा में कुल 87.33 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। 99.91% परिणाम के साथ त्रिवेंद्रम सबसे ज्यादा स्कोर करने वाला क्षेत्र बना। हालांकि बेंगलुरू, चेन्नई और दिल्ली को क्रमश: दूसरे, तीसरे व चौथे पायदान से संतोष करना पड़ा
