पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं पर अंडे फेंके जाने का सिलसिला अभी थमा नहीं है। इस लिस्ट में ताजा नाम तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा का जुड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर इलाके में उनपर अंडे फेंके गए। मोइत्रा का दावा है कि प्रदर्शन कर रहे लोगों में भाजपा समर्थक शामिल थे और उन्होंने उनकी ओर अंडे फेंके। उन्होंने इस घटना को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे।
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने घटना के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक बैठक के लिए पहुंची थीं। जहां भाजपा प्रदर्शनकारियों ने उनका विरोध किया। इस दौरान उन्हें काले झंडे दिखाते हुए 'वापस जाओ' के नारे लगाए गए। इतना ही नहीं, मोइत्रा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर अंडे फेंकते हुए "जय श्री राम" के नारे लगाए। बता दें कि टीएमसी सांसद द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में उनके चेहरे पर टूटे हुए अंडे के छिलके देखे जा सकते हैं।
बता दें कि कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र से दो बार की सांसद मोइत्रा नटना में एक बैठक में भाग लेने के लिए गई थीं। उन्होंने दावा किया कि अपने दौरे के बारे में उन्होंने पुलिस को भी सूचित कर रखा था।
यह ताजा घटना मोइत्रा के नादिया के छपरा इलाके में भाजपा के विरोध प्रदर्शन का सामना करने के कुछ दिनों बाद हुई है, जहां प्रदर्शनकारियों ने पार्टी की बैठक से निकलते समय उनके सामने काले झंडे लहराए थे और इसी तरह के नारे लगाए थे।
