Times Now Fact Check: हरियाणा में सरकार चोरी के जिस सनसनीखेज आरोप को लगाकर राहुल गांधी बिहार के GEN-Z वोटरों को उकसाने चले थे, उनसे एनडीए के खिलाफ एकतरफा वोट देने की अपील कर रहे थे, बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाने की गुहार लगा रहे थे, वो सारे आरोप चंद घंटे भी नहीं टिक पाए। नवभारत के फैक्ट चेक में उनकी पूरी तरह से धज्जियां उड़ गईं। राहुल के फर्जी वोटों के आरोप को नकारने हरियाणा के असली वोटर सामने आ गए। बात ब्राजील की उस मॉडल तक पहुंच गई जिसकी तस्वीरें दिखाकर राहुल ने हरियाणा के वोटर लिस्ट में हेराफेरी का आरोप लगाया था, वोट चोरी का आरोप लगाया था, सरकार चोरी का आरोप लगाया था।
राहुल गांधी के आरोप (PTI)
ब्राजील की मॉडल का जिक्र कर चौंकाया
दरअसल, राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस ने ब्राजील की मॉडल को बैठे-बिठाए बड़ी पब्लिसिटी दे दी। चुनाव आयोग ने तो राहुल के आरोपों को पहले ही झूठा और निराधार कह दिया था। हमने जब राहुल के दावों की एक्सक्लूसिव पड़ताल शुरू की, तो उसमें भी वो गलत पाए गए। राहुल ने ब्राजील की मॉडल की तस्वीर से शुरुआत कर सनसनीखेज माहौल बनाया।
22 अलग-अलग नामों में मॉडल की तस्वीर का दावा
राहुल ने दावा किया कि हरियाणा के राई विधानसभा के 10 बूथ की मतदाता लिस्ट में 22 अलग-अलग नामों में इस मॉडल की तस्वीर थी। इस पर राहुल का निष्कर्ष था कि ये सारे वोटर फर्जी थे। इसी पर सरकार चोरी की उनकी पूरी स्टोरी खड़ी थी। लेकिन नवभारत के रिपोर्टर्स की टीम ने जब राहुल के दावों की पड़ताल शुरू की, तो उनके दावों की पोल खुलने लगी। नवभारत रिपोर्टर भावना किशोर ने इन्हें ट्रैक करना शुरू किया।
जोगिंदर और पिंकी ने दावे को किया खारिज
संवाददाता भावना किशोर ने पिंकी नाम वाले वोटर आईकार्ड को ट्रैक करना शुरू किया और हरियाणा के सोनीपत पहुंच गईं। इस वोटर आईडी में ब्राजील की मॉडल की तस्वीर के साथ घर का पता भी था। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वो जोगिंदर कौशिक का घर है, उनकी पत्नी का नाम पिंकी है। दोनों राई विधानसभा के वोटर हैं। राहुल ने पिंकी को फर्जी वोटर बताया है, इस बात से दोनों हैरान थे।
जोगिंदर ने जो कहा, उसका मतलब तो यही है कि राहुल और उनकी टीम ने आरोप तो ताल ठोककर लगाए, लेकिन हकीकत में ग्राउंड पर कोई पड़ताल नहीं की। कांग्रेस दफ्तर में बैठे-बैठे सोनीपत की पिंकी को फर्जी वोटर बता दिया, जबकि पिंकी ने बताया कि उन्होंने 2024 के हरियाणा चुनाव और उसके पहले के चुनावों में भी वोट देती आई हैं।
अंगूरी ने किया राहुल के दावे का खंडन
अंगूरी नाम की वोटर को हमारी संवाददाता भावना किशोर ने ढूंढ निकाला, जिनके वोटर आईडी पर ब्राजील की मॉडल की तस्वीर थी। राहुल गांधी ने वह तस्वीर प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई थी। 66 साल की अंगूरी ने अपना वोटर आईडी कार्ड दिखाया। उस पर उन्हीं की तस्वीर थी, ब्राजील की मॉडल की नहीं। उन्होंने राहुल के आरोपों को गलत बताया।
अंजू को लेकर दावा भी निकला गलत
इसी तरह के एक अन्य मामले में टाइम्स नाउ हरियाणा के सोनीपत के अकबरपुर बरोटा पहुंचा, जहां अंजू नाम की एक मतदाता रहती हैं। इसका नाम भी राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल था। अंजू की बहन रेखा ने राहुल गांधी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि अंजू एक असली मतदाता हैं, जिन्होंने 2022 में तो वोट दिया था, लेकिन 2024 में नहीं, क्योंकि उनके पति की मौत हो गई थी। उनकी बहन के अनुसार, अंजू अब दिल्ली में रहती हैं, लेकिन उनका मतदाता पहचान पत्र इसी (हरियाणा) पते पर पंजीकृत है। अंजू के एक अन्य रिश्तेदार पंकज ने कहा कि उनके बेटे ने 2024 के चुनावों में मतदान किया था और दोनों असली मतदाता हैं, उन्होंने वोट चोरी के किसी भी दावे को खारिज कर दिया।
