Pankaja Munde: महाराष्ट्र सरकार की मंत्री पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में मंगलवार को तकनीकी खराबी आने के बाद उन्हें दूसरे चॉपर की सेवा लेनी पड़ी। महाराष्ट्र में जिला परिषद चुनाव के लिए सात फरवरी को मतदान होना है। इसके लिए नेता ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में पंकजा छत्रपति संभाजी नगर से नागपुर में चुनावी रैली को संबोधित करने वाली थीं। वह जब हेलिपैड पहुंची तो उन्हें उड़ान भरने से रोक दिया गया। उड़ान से ठीक पहले हेलिकॉप्टर की तकनीकी जांच में खामी पाई गई। बताया गया कि हेलिकॉप्टर के लैंडिंग गियर में कुछ दिक्कत थी। इसके बाद मुंडे दूसरे हेलिकॉप्टर से नागपुर के लिए रवाना हुईं।
चुनाव प्रचार के लिए जा रही थीं पंकजा
पंकजा मुंडे संभाजीनगर से नागपुर के लिए हेलिकॉप्टर से जाने वाली थीं। उन्हें जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए यहां जाना था। लेकिन पायलट ने पहले ही तकनीकी खराबी की जानकारी दी, जिसके बाद पंकजा ने अपनी यात्रा टाल दी। बाद में ये तय हुआ कि वह दूसरे हेलिकॉप्टर से मीटिंग में शामिल होंगी। बता दें कि अजित पवार के प्लेन क्रैश हादसे में निधन के बाद सभी नेता हवाई यात्रा में सतर्कता बरत रहे हैं। बीते 28 जनवरी को एक विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत हो गई। उनका प्लेन बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पंकजा के लिए दूसरे हेलिकॉप्टर की हुई व्यवस्था
समय बचाने और निर्धारित चुनावी कार्यक्रम को पूरा करने के लिए, तत्काल एक दूसरे हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई। इसके बाद वह कार्यक्रम के लिए रवाना हुईं। राकांपा नेता अजित पवार जिला परिषद चुनाव की बैठकों को संबोधित करने जा रहे थे, तभी उनका विमान हादसे का शिकार हुआ। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र सरकार में डिप्टी सीएम बनाया गया है। अजित पवार की मौत ऐसे समय हुई जब एनसीपी (एसपी) के साथ राकांपा के विलय पर बातचीत चल रही थी।
