देश

Sansad Live Updates: कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा में फिर संग्राम, विपक्ष का जोरदार हंगामा, सदन 12 बजे तक स्थगित

इस हंगामे की तस्वीर तभी साफ हो गई थी जब आज राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में विपक्षी सांसदों की बैठक बुलाई गई थी। संसद भवन परिसर में इंडिया ब्लॉक के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी उपस्थित थे।

Lok sabha uproar

लोक सभा में आज भी हंगामा

Photo : PTI

Lok Sabha Live Updates: कार्यवाही शुरू होते ही आज फिर लोकसभा में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। इसके चलते स्पीकर ओम बिरला ने सदन 12 बजे तक स्थगित कर दिया। इस हंगामे की तस्वीर तभी साफ हो गई थी जब आज राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में विपक्षी सांसदों की बैठक बुलाई गई थी। संसद भवन परिसर में इंडिया ब्लॉक के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी उपस्थित थे। इस बैठक में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला लिया गया।

लोकसभा में भारी हंगामा

जैसे ही सदन में प्रश्नकाल शुरू हुआ, विपक्षी सदस्यों ने कुछ मुद्दे उठाने शुरू कर दिए और मांग की कि उनका समाधान तुरंत किया जाए। स्पीकर बिरला ने कहा कि इन मुद्दों को केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता समेत सभी सदस्य बहस के दौरान बोलने के लिए स्वतंत्र हैं।

विपक्षी सदस्यों द्वारा व्यवधान जारी रखने पर उन्होंने इसे सुनियोजित व्यवधान बताया। इसके बाद उन्होंने सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

वहीं, निलंबित विपक्षी सांसदों ने आज संसद परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इन्होंने "आप हमें निलंबित कर सकते हैं, लेकिन आप हमें चुप नहीं करा सकते" लिखे हुए पोस्टर लेकर संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।

लोकसभा में गतिरोध की स्थिति

इससे पहले लोकसभा ने गुरुवार 5 फरवरी को विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर दिया था। धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन में हुई चर्चा का प्रधानमंत्री द्वारा सदन में जवाब देने की परंपरा है, लेकिन गतिरोध की स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जवाब लोकसभा में नहीं हुआ और प्रस्ताव को पारित कर दिया गया।

दरअसल, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चर्चा में भाग लेते हुए पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण के हवाले से चीन के साथ टकराव का मुद्दा उठाने का प्रयास किया, लेकिन अध्यक्ष बिरला ने नियमों का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी। इसे लेकर लोकसभा में भारी हंगामा हुआ था। राहुल को अपनी बात रखने का मौका ही नहीं मिला। इससे बिफरे विपक्षी सांसदों ने नई रणनीति के तहत महिला सांसदों को विरोध प्रदर्शन में आगे कर दिया और पीएम मोदी को भी अपनी बात कहने का मौका नहीं मिला।

लोकसभा में पिछले कुछ दिनों से गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। इससे पहले 3 फरवरी को आसन के समीप हंगामे के दौरान कागज उछालकर आसन की ओर फेंकने के मामले में विपक्ष के आठ सदस्यों को निलंबित कर दिया गया था। 4 फरवरी को चर्चा में तेलुगु देशम पार्टी के (तेदेपा) के सांसद जीएम हरीश बालयोगी और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने हिस्सा लिया। दुबे ने कुछ किताबों का जिक्र करते हुए नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधा और कई तरह के आरोप लगाए थे। विपक्ष के सदस्यों ने दुबे के आरोपों पर जोरदार हंगामा किया।

राज्यसभा से विपक्ष ने किया बहिर्गमन

वहीं, राज्यसभा में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति न मिलने के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। उच्च सदन में जब शून्यकाल समाप्त हुआ और प्रश्नकाल शुरू हुआ तब कांग्रेस सदस्य खरगे ने अपनी बात रखनी चाहती। आसन से स्वीकृति मिलने पर खरगे ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा, इन दोनों सदनों को मिला कर संसद बनती है और संविधान का पालन सबको करना होता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने की अनुमति नहीं दी गई। सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने लोकसभा से संबंधित इस मुद्दे को उच्च सदन में उठाने की अनुमति नहीं दी और कहा कि वह (खरगे) जो कुछ भी कहेंगे, वह रिकॉर्ड में नहीं जाएगा। इससे पहले खरगे ने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल द्वारा पिछले सप्ताह संसद सत्र के दौरान भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सदन के बाहर बयान देने का मुद्दा भी उठाया था।

जब सभापति ने खरगे को बोलने की अनुमति नहीं दी, तब विपक्ष के सभी सदस्य खड़े होकर विरोध जताने लगे। सभापति ने प्रश्नकाल की कार्यवाही आगे बढ़ाई, तो विपक्षी सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा और बाद में सदन से बहिर्गमन कर दिया। इससे पहले, शून्यकाल शुरू होने पर द्रमुक सदस्य तिरुचि शिवा ने कहा कि उन्होंने विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है क्योंकि संसद का सत्र चल रहा है और पीयूष गोयल ने भारत अमेरिका व्यापार समझौते पर सदन के बाहर बयान दिया था। सभापति ने कहा कि वह इस बारे में व्यवस्था दे चुके हैं। इसके बाद सदन में शून्यकाल सामान्य तरीके से चला।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article