देश

अयोध्या से दक्षिण कोरिया का खास नाता, अब इस देश को राम मंदिर का बेसब्री से इंतजार

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 14, 2023, 02:12 PM IST

2000 साल पहले एक भारतीय राजकुमारी की कोरियाई राजा से शादी की किंवदंती का अयोध्या से संबंध है, जो दक्षिण कोरिया के इतिहास में दर्ज है।

Image

दक्षिण कोरिया से अयोध्या का संबंध

South Korea Ayodhya Connection: दक्षिण कोरिया हाल ही में संस्कृति के मामले में एक पावरहाउस के रूप में उभरा है। फिल्मों से लेकर वेब सीरीज तक, व्यंजनों से लेकर संगीत तक, दक्षिण कोरिया हर जगह मौजूद है। लेकिन शायद ही किसी ने सोचा होगा कि दक्षिण कोरिया का भगवान राम के निवास स्थान अयोध्या से कोई नाता हो सकता है। भारत में दक्षिण कोरिया के राजदूत चांग जे-बोक ने भी इस पर मुहर लगा दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या भारत और दक्षिण कोरिया दोनों के लिए ऐतिहासिक रूप से अहम है। उन्होंने कहा कि वह अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन के लिए निमंत्रण का इंतजार कर रहे हैं।

रानी हू से अयोध्या का नाता

रानी हू (Queen Huh) की याद में एक स्मारक सरयू नदी के तट पर कोरियाई परंपरा में 7,500 किलोग्राम वजन वाले तीन मीटर ऊंचे पत्थर का इस्तेमाल करके बनाया गया है, जो विशेष रूप से दक्षिण कोरिया से भेजा गया है। अयोध्या ऐतिहासिक दृष्टि से भारत और दक्षिण कोरिया दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।

अयोध्या की राजकुमारी की कोरिया में शादी

मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में भारत में दक्षिण कोरियाई राजदूत ने कहा कि अयोध्या ऐतिहासिक रूप से हम दोनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। 2000 साल पहले एक भारतीय राजकुमारी की कोरियाई राजा से शादी की किंवदंती का अयोध्या से संबंध है, जो हमारे इतिहास में से एक है। किताबों में अयुता की एक राजकुमारी का जिक्र है। उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि अयुता अयोध्या है या नहीं, लेकिन कोरियाई भाषा में यह अयुता है। आमतौर पर यह माना जाता है कि अयुता अयोध्या थी या अयोध्या अयुता थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को राम मंदिर के उद्घाटन के आसपास कार्यक्रम का विवरण साझा करना चाहिए ताकि विदेशी देशों से उच्च स्तरीय भागीदारी का पूरा आश्वासन मिल सके।

राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण 2020 में शुरू

अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण 2020 में शुरू हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अगस्त, 2020 को प्रस्तावित मंदिर के लिए भूमि पूजा की थी। उसी वर्ष फरवरी में प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की देखरेख के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के गठन की घोषणा की। इसी साल 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में चल रहे राम मंदिर निर्माण का जायजा लिया था। इससे पहले उन्होंने अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भगवान राम के दर्शन किए। इन दिनों इसका जोर शोर से निर्माण चल रहा है और अगले कुछ वर्षों तक इसके पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article