देश

SIR: पश्चिम बंगाल में पुनरीक्षण प्रक्रिया के पहले दिन 70 लाख से अधिक फॉर्म बांटे गए, बीएलओ ने किया वोटर्स के घरों का रुख

इस प्रक्रिया के तहत राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों में 80,681 बीएलओ तैनात किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि अब तक लगभग 7.66 करोड़ गणना प्रपत्र तैयार किए जा चुके हैं और प्रत्येक मतदाता को इसकी दो प्रतियां मिलेंगी।

Image

प. बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया (PTI)

SIR in Bengal: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत, राज्य भर में 80,000 से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) द्वारा पहले दिन मंगलवार को घर-घर जाकर 70 लाख से अधिक गणना प्रपत्र वितरित किए गए। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्य में एक महीने तक चलने वाली यह कवायद मंगलवार को शुरू हुई और चार दिसंबर तक चलेगी। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को बीएलओ द्वारा 70 लाख से अधिक गणना प्रपत्र वितरित किए गए।

बीएलओ ने मतदाताओं के घरों का रुख किया

उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र वितरित करने के लिए बीएलओ ने बुधवार को भी राज्य के मतदाताओं के घरों का रुख किया है। अधिकारी ने कहा, बीएलओ की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षाकर्मी उनके साथ मौजूद हैं। कल राज्य में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। अगर किसी बीएलओ के विरुद्ध कोई प्रतिरोध की सूचना मिलती है, तो हम तुरंत जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) को जांच करने का निर्देश देते हैं।

294 विधानसभा क्षेत्रों में 80,681 बीएलओ तैनात

इस प्रक्रिया के तहत राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों में 80,681 बीएलओ तैनात किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि अब तक लगभग 7.66 करोड़ गणना प्रपत्र तैयार किए जा चुके हैं और प्रत्येक मतदाता को इसकी दो प्रतियां मिलेंगी। एसआईआर प्रक्रिया के दिशानिर्देशों के अनुसार, बीएलओ दोनों प्रतियों पर प्रतिहस्ताक्षर करेगा। अधिकारी एक भरा हुआ प्रपत्र भारत निर्वाचन आयोग के लिए अपने पास रखेगा और दूसरा मुहर लगी पावती के साथ लौटाएगा, जिसकी भविष्य में आवश्यकता हो सकती है। पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण 23 वर्षों के अंतराल के बाद किया जा रहा है। राज्य में मतदाता सूचियों का ऐसा अंतिम पुनरीक्षण 2002 में हुआ था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article