देश

'मुस्लिम वोट पाने की शर्मनाक कोशिश...', राजीव चंद्रशेखर ने पिनराई विजयन ने लिए क्यों कही ये बात

Kerala Assembly Election 2026: केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रविवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी की तुलना कांग्रेस से करना मुस्लिम वोट पाने की एक "शर्मनाक कोशिश" है।

Image

केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर (फोटो साभार: @RajeevRC_X)

Photo : Twitter

Kerala Assembly Election 2026: केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर (Rajeev Chandrasekhar) ने रविवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी की तुलना कांग्रेस से करना मुस्लिम वोट पाने की एक "शर्मनाक कोशिश" है। उन्होंने कहा कि CPI(M) और कांग्रेस, दोनों ही केरल में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, लेकिन अन्य राज्यों में गठबंधन करते हैं, जिससे वोटर्स को गुमराह किया जा रहा है।

राजीव चंद्रशेखरन ने क्या कुछ कहा?

नेमम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे चंद्रशेखर ने समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कहा, ''क्या आपको यह अजीब नहीं लगता कि कांग्रेस, भाजपा को सीपीएम की बी-टीम बता रही है और सीपीएम भाजपा को कांग्रेस की बी-टीम कह रही है? जबकि दूसरे राज्यों में वे औपचारिक गठबंधन में हैं। यह ऐसा है जैसे केरल के लोगों को बेवकूफ समझा जा रहा हो कि वे इस तरह की बकवास पर विश्वास कर लें। ठीक सीमा पार, वह तमिलनाडु और पुडुचेरी में साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और यहां केरल के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं कि उनका कोई गठबंधन नहीं है।''

कांग्रेस पर भड़के चंद्रशेखर

उन्होंने आगे कहा, ''यह एक शर्मनाक कोशिश है, जिसका मकसद मुस्लिम समुदाय के वोट हासिल करना है और इसके लिए दोनों पार्टियां भाजपा का विरोध करने का दिखावा कर रही हैं। भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भारत राष्ट्र समिति (BRS) के खिलाफ भी यही रणनीति अपनाई थी।

चंद्रशेखर ने कहा, ''कांग्रेस ने तेलंगाना में यह रणनीति सफलतापूर्वक अपनाई थी। उन्होंने यह विवाद खड़ा किया कि बीआरएस, भाजपा की बी-टीम है। दुख की बात है कि मुस्लिम वोट बीआरएस से हटकर कांग्रेस से पाले में चले गए, लेकिन केरल के लोग अब आपके झांसे में नहीं आएंगे। उन्होंने 70 साल का भ्रष्टाचार, लापरवाही और तुष्टिकरण देख लिया है और अब कह चुके हैं- बस बहुत हुआ।''

कांग्रेस, भाजपा की बी-टीम: विजयन

सनद रहे कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर शनिवार को निशाना साधते हुए उन पर भाजपा की बी टीम होने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने हाल में टिप्पणी की थी कि देश में केंद्रीय एजेंसियों ने केरल के मुख्यमंत्री को छोड़कर अन्य विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया है या पूछताछ के लिए बुलाया है। गांधी की इस टिप्पणी के बारे में सवाल किए जाने पर विजयन ने कांग्रेस नेता एवं उनकी पार्टी पर भाजपा की 'बी टीम' के रूप में काम करने का आरोप लगाया। विजयन ने कहा था कि कुछ लोग अनुभवों से नहीं सीखते। वे सामान्य लोग नहीं होते। वे एक दुर्लभ उदाहरण हैं। ऐसा उन लोगों के साथ होता है जो आमतौर पर चीजों को समझने में असमर्थ होते हैं। राहुल गांधी इसी श्रेणी में आते हैं।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article