सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने एक बार फिर से बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला है। राजभर ने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर नीतीश कुमार को उनका वादा याद दिलाते हुए कहा कि अगर उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया तो वो उनकी खाल उधेड़ देंगे।
सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने नीतीश कुमार को धमकाया (फोटो- फेसबुक)
बलिया में थे राजभर
गुरुवार को राजभर अपनी सावधान यात्रा के दौरान बलिया में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार को लेकर जो पहले कहा है, उसपर वो कायम है, अगर नीतीश कुमार अपना वादा पूरा नहीं करेंगे तो उनकी चमड़ी उधेड़ दी जाएगी।
उठा रहे जाति जनगणना के मुद्दे
उन्होंने कहा कि अब वो सावधान रैली के जरिए जनता को समझा रहे हैं कि लोग देश के नेताओं से सावधान रहें और अपनी लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि कल तक लोग अंग्रेजों के गुलाम थे, आज नेताओं के गुलाम हैं। बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए ओपी राजभर ने कहा कि नीतीश कुमार के जातिवार जनगणना के वादे का क्या हुआ? राजभर ने कहा कि नीतीश कुमार का वादा खोखला था और अगर वह वादा सच होता तो जाति जनगणना अब तक पूरी हो चुकी होती।
ममता-अखिलेश को घेरा
राजभर ने नीतीश कुमार की 2024 में प्रधानमंत्री बनने और उत्तर प्रदेश के फूलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने की आकांक्षाओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश तभी दिल्ली पहुंचेंगे, जब वह उत्तर प्रदेश की बाधा को पार करेंगे। उन्होंने कहा- "नीतीश कुमार दिल्ली तक तभी पहुंच सकते हैं, जब वह उत्तर प्रदेश में बाधा पार करेंगे। विपक्षी खेमे में कोई भी उनकी प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी को स्वीकार करने को तैयार नहीं है। ममता बनर्जी से लेकर अखिलेश यादव तक, हर कोई पीएम की आकांक्षाओं का पोषण कर रहे हैं।"
बता दें कि ओपी राजभर पहले बीजेपी के साथ थे, फिर नाराज हुए और अखिलेश के साथ चले गए। विधानसभा चुनाव में हार के बाद अखिलेश से भी नाराज हो गए और आजकल नए गठबंधन की तलाश में हैं।
