Sanjay Raut Missing Silver Brick: अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर के निर्माण के लिए देश-विदेश से मिले करोड़ों रुपये के दान और चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला अब एक बड़े राजनीतिक तूफान में तब्दील हो गया है। समाजवादी पार्टी के बाद अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया है। शिवसेना (UBT) के फायरब्रांड सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर एक बेहद सनसनीखेज दावा करते हुए पूछा है कि उनकी पार्टी द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम राम के चरणों में अर्पित की गई 4 किलो चांदी की पवित्र ईंट आखिरकार कहां गायब हो गई?
'कहां गई वो 4 किलो चांदी की ईंट?', अयोध्या राम मंदिर दान घोटाले के बीच संजय राउत हमलावर, उद्धव ठाकरे ने की थी दान
'उद्धव जी ने दी थी ईंट, ट्रस्ट ने नहीं दी कोई रसीद'
संजय राउत ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की जवाबदेही और निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए शिवसेना द्वारा दान की गई 4 किलोग्राम की चांदी की ईंट के लापता होने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उद्धव ठाकरे जी ने हजारों शिवसैनिकों और श्रद्धेय संतों की गरिमामयी उपस्थिति में ₹1 करोड़ की धनराशि के साथ यह पवित्र चांदी की ईंट उदारतापूर्वक भेंट की थी। लेकिन आज सालों बीत जाने के बाद भी ट्रस्ट की ओर से न तो इसकी कोई रसीद दी गई और न ही कोई अपडेट मिला है। यह कीमती ईंट कहां चली गई? अब इस पूरे मामले की गहन जांच और पूर्ण जवाबदेही तय करने का समय आ गया है।'
मंदिर में ₹7.5 करोड़ का महाघोटाला! 8 लोग दबोचे गए
संजय राउत का यह तीखा बयान ऐसे समय में आया है जब अयोध्या पुलिस राम मंदिर के दानपात्रों से चढ़ावे की चोरी और गबन के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ कर चुकी है। दरअसल, पूर्व सपा विधायक पवन पांडे ने आरोप लगाया था कि राम मंदिर के चढ़ावे से लगभग ₹7 करोड़ से ₹7.5 करोड़ रुपये गायब कर दिए गए हैं। इन आरोपों के बाद श्री राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट की सिफारिश पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 14 जून को तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।
एसआईटी की शुरुआती जांच रिपोर्ट के बाद, अयोध्या की कोतवाली में अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, टिन्नू यादव, मनीष यादव और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306, 316(5), 317(4), 317(5) और 61 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात मंदिर में कैश और कीमती सामानों की गिनती करने वाले विभाग से जुड़े 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ जारी है।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
राउत ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP), पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस महाघोटाले के तार सीधे सत्ताधारी दल के करीबी लोगों से जुड़े हैं, इसलिए सरकार दिखावे की कार्रवाई तो कर रही है, लेकिन मुख्य साजिशकर्ताओं पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। बहरहाल, 8 कर्मचारियों की गिरफ्तारी और शिवसेना द्वारा उठाए गए 'चांदी की ईंट' के मुद्दे ने राम मंदिर ट्रस्ट के आंतरिक प्रबंधन को लेकर कई गंभीर कूटनीतिक और कानूनी सवाल खड़े कर दिए हैं।
