संदेशखालि हिंसा: CBI ने जांच अपने हाथ में ली, आरोपी TMC नेता के खिलाफ FIR दर्ज

Sandeshkhali Violence: संदेशखालि में 2019 के चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में CBI ने जांच अपने हाथ में ले ली है और कथित तौर पर मुख्य आरोपी सहजान शेख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

Sandeshkhali Violence: केंद्रीय अन्वेष्ण ब्यूरो (CBI) ने संदेशखालि में 2019 के चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप मंडल, देवदास मंडल और सुकांत मंडल की हत्या के मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है और कथित तौर पर मुख्य आरोपी एंव तृणमूल कांग्रेस के नेता सहजान शेख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एजेंसी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा 30 जून को दिए गए आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की है।

Sandeshkhali Violence

तृणमूल कांग्रेस के नेता सहजान शेख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

कोर्ट ने SIT गठित करने का दिया आदेश

न्यायमूर्ति जॉय सेनगुप्ता ने सीबीआई को मामले की अत्यंत गंभीरता से जांच करने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का आदेश दिया है। अदालत ने कहा कि जांच की निगरानी संयुक्त निदेशक द्वारा की जानी चाहिए। संदेशखलि गांव में कथित तौर पर शेख के नेतृत्व में भीड़ द्वारा किए गए हमले के बाद प्रदीप मंडल, देवदास मंडल और सुकांत मंडल मृत पाए गए थे। इस मामले की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की सीआईडी ने की थी, हालांकि पीड़ितों के परिवारों ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। शेख के संदेशखालि स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमले करवाने के आरोप में उसे (शेख) को पांच जनवरी 2024 को गिरफ्तार किया गया था। तब से वह न्यायिक हिरासत में है।

End of Feed