Indian Railway: रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब देशभर की ट्रेनों के 74,000 कोच और 15,000 इंजन (लोकोमोटिव) में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे ट्रेन में हो रही हर हलचल पर नजर रखना आसान हो जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इस योजना की समीक्षा की और इसे जल्दी लागू करने का निर्देश दिया है।
सीसीटीवी से लैस होंगे डिब्बे (फोटो साभार: PIB)
कोच और इंजन में कैसे लगेंगे कैमरे?
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हर कोच में 4 कैमरे होंगे, जिन्हें कोच के दोनों दरवाजों के पास लगाए जाएंगे। एक दरवाजे के साथ दो कैमरे लगे होंगे, जबकि हर इंजन में 6 कैमरे होंगे, जो आगे, पीछे और दोनों साइड में एक-एक होंगे और दोनों कैब में डोम टाइप कैमरे भी लगे होंगे।
साथ ही, इंजन में दो माइक भी होंगे, ताकि ड्राइवर और स्टाफ की बातचीत रिकॉर्ड हो सके। यह रिकॉर्डिंग इमरजेंसी में काम आ सकती है।
ट्रायल रहा सफल
इस तकनीक का ट्रायल नॉर्दर्न रेलवे में किया गया था, जो पूरी तरह सफल रहा। इसके बाद इसे देशभर में लागू करने का फैसला किया गया है।
हाईटेक और स्मार्ट कैमरे
- सभी कैमरे STQC सर्टिफाइड होंगे।
- इनमें नाइट विज़न टेक्नोलॉजी होगी, जिससे अंधेरे में भी साफ फुटेज रिकॉर्ड हो सकेगी।
- ये कैमरे 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर भी बेहतरीन क्वालिटी की रिकॉर्डिंग करेंगे।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद
रेल मंत्री ने कहा कि इन कैमरों से मिलने वाले डेटा को AI तकनीक से प्रोसेस किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान जल्दी की जा सके। इसके लिए रेलवे IndiaAI मिशन के साथ मिलकर काम करेगा।
प्राइवेसी का विशेष ध्यान
रेलवे ने साफ किया है कि कैमरे केवल सामान्य रास्तों जैसे कोच के दरवाजों और गलियारों में ही लगाए जाएंगे। किसी यात्री की प्राइवेसी भंग नहीं की जाएगी।
सफर होगा और सुरक्षित
इस योजना के लागू होने के बाद भारत की ट्रेनें सिर्फ सफर का साधन नहीं, बल्कि स्मार्ट और सुरक्षित यात्रा का उदाहरण बनेंगी। आने वाले महीनों में यह योजना पूरे देश में लागू की जाएगी।
