केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के कोरोना वाले पत्र पर अब राहुल गांधी ने बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए कोरोना का बहाना बनाया जा रहा है, लेकिन ये यात्रा कश्मीर जाकर ही रुकेगी।
राहुल गांधी ने हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा भारत की सच्चाई से डर गई है और भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए बहाने के रूप में कोविड का उपयोग कर रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा- "यह जो यात्रा है कश्मीर तक जाएगी। अब इन्होंने नया आइडिया निकाला है। मुझे चिट्ठी लिखी कि कोविड आ रहा है। यात्रा बंद करो। अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बन रहे हैं। मास्क पहनो यात्रा बंद करो। कोविड फैल रहा है। सब बहाने हैं। हिंदुस्तान की शक्ति से, हिंदुस्तान की सच्चाई से लोग डर गए हैं।"
#WATCH | ...It's their (BJP) new idea, they wrote a letter to me saying COVID is coming & stop the Yatra. All these… t.co/mArJOLLdt7
— ANI (@ANI) Dec 22, 2022
बता दें कि बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा था। पत्र में मंडाविया ने लिखा था कि अगर कोविड नियमों का पालन करना संभव नहीं है तो 'सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति' को ध्यान में रखते हुए यात्रा रोक दी जानी चाहिए। मंडाविया के इस पत्र पर कांग्रेस भड़क गई और उसने पीएम समेत बीजेपी के कई कार्यक्रम पर सवाल उठाते भाजपा पर हमला बोल रही है। इस मामले पर हालांकि बाद में मंडाविया ने सफाई भी दी, लेकिन इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस हमलावर ही दिख रही है।
