पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आप सरकार पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब को दिल्ली से चलाना बंद कर देना चाहिए। पंजाब को पंजाब से ही चलाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पंजाब के सीएम भगवंत मान से इसके लिए अपील भी की।
पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी
क्या कहा राहुल ने
राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए नहीं चलाया जा सकता है। मान को इस मामले पर सोचना चाहिए, वो पंजाब को खुद चलाएं। राहुल गांधी ने कहा- "भगवंत मान जी, आप पंजाब के चीफ मिनिस्टर हो। आपको पंजाब को पंजाब से चलाना चाहिए। आपको दिल्ली के दबाव में, केजरीवाल जी के दबाव में नहीं आना चाहिए। ये पंजाब की इज्जत की बात है। आपको स्वतंत्र रूप से काम करना चाहिए। किसी का रिमोट कंट्रोल नहीं बनना चाहिए।"
मान रहे हैं निशाने पर
पंजाब के सीएम भगवंत मान शुरू से ही इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर रहे हैं। मान पर आरोप लगाया गया है कि उनकी सरकार के सभी बड़े फैसले दिल्ली में आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा लिए जा रहे हैं। वो सिर्फ उनके आदेश का पालन करते हैं।
पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अपने पंजाब चरण में है। शनिवार को कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद यात्रा को पहले 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया था। पदयात्रा के दौरान चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। जिसके बाद जलांधर से यात्रा फिर से शुरू हुई थी। जो आज होशियारपुर पहुंची थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
