दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता रविवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उनकी राहुल गांधी के साथ गजब की केमेस्ट्री देखने को मिली। मार्च के दौरान दोनों नेता एक दूसरे का हाथ थामे हुए नजर आए।
कांग्रेस ने जारी किया वीडियो
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह जालंधर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ नजर आए। इसे लेकर कांग्रेस ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें बलकौर सिंह, राहुल गांधी के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में मूसेवाला का गाना भी बज रहा है। वीडियो की शुरुआत में राहुल गांधी, बलकौर सिंह के कपड़े भी झाड़ते दिख रहे हैं।
पिछले साल हुई थी हत्या
सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर कांग्रेस नेता शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई, 2022 को पंजाब के मनसा जिले में तब गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने दोस्त और चचेरे भाई के साथ काले रंग की थार में मानसा के जवाहर गांव जा रहे थे। उनके वाहन को रास्ते में रोका गया और छह शूटरों द्वारा उन पर गोलियां बरसाई गईं। हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
हार गए थे चुनाव
सिद्धू मूस वाला पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 2021 में कांग्रेस में शामिल हो हुए थे। मनसा से चुनाव भी लड़े थे, लेकिन मूसेवाला चुनाव हार गए थे। राज्य में जब आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो उनकी सुरक्षा को घटा दिया गया था, जिसके बाद उनकी हत्या हो गई।
