राघव चड्ढा (Raghav Chadha) समेत 3 सांसदों ने आप छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। वहीं, 4 सांसदों को लेकर सस्पेंस बरकरार है। आम आदमी पार्टी के भीतर सियासी घमासान के बीच आप नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक पोस्ट शेयर किया है।
पंजाब सीएम भगवंत मान ने आप छोड़ने वाले सांसदों पर साधा निशाना।
भगवंत मान ने आप छोड़कर बीजेपी जॉइन कर चुके और करने की आशंका वाले 7 सांसदों की तुलना 7 मसालों से की। उन्होंने इन सब्जियों की खासियत बताते हुए कहा कि ये सब्जियां तब तक ही अहम हैं जब तक किसी में डाली न जाए। अपने आप में इनकी कोई अहमियत नहीं है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया। ये 7 चीजें मिलकर सब्जी को स्वादिष्ट बनाती हैं, लेकिन अकेले ये चीजें सब्जी नहीं बन सकतीं।"
राघव चड्ढा के खिलाफ एक्शन मोड में आप
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा सहित तीनों नेताओं पर एक्शन लेने की तैयारी कर ली है। आप नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, और संदीप पाठक के खिलाफ राज्यसभा सभापति को एक पत्र सौंपा जाएगा। इस पत्र के जरिए, राज्यसभा सभापति से राघव चड्ढा सहित तीनों सांसदों को राज्यसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी।
इससे पहले, संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्यों के दलबदल की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे भाजपा द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन लोटस' का हिस्सा करार दिया और कहा कि पंजाब की जनता पार्टी छोड़ने वाले सात सदस्यों को कभी माफ नहीं करेगी।
नितिन नवीन ने राघव चड्ढा को बीजेपी की दिलाई सदस्यता
बताते चलें कि शुक्रवार को राघव चड्ढा ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राघव चड्ढा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान, राघव चड्ढा के साथ अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी भाजपा में शामिल हुए।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ने एक बार फिर पंजाब की जनता के साथ धोखा किया है। केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भाजपा ने एक बार फिर पंजाबियों के साथ धोखा किया है।"
