Dharmendra Pradhan Resignation: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्रों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी भी दो मांगें बाकी हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: @RahulGandhi)
'क्या कुछ बोले राहुल गांधी'
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा, ''धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हमारे एजुकेशन सिस्टम को फिर से संवारने की दिशा में बहुत बड़ा कदम है। शाबाश देश भर के छात्रों, आप सभी पर गर्व है। सड़कों पर आकर लोकतंत्र, संविधान और अपने भविष्य की रक्षा में डटकर खड़े होने वाले हर एक युवा, हर छात्र को बहुत-बहुत बधाई।''
'माफी मांगें PM मोदी'
उन्होंने कहा, ''2 मांगें अभी भी बाकी हैं - प्रधानमंत्री छात्रों और भारत के भविष्य को सम्मान देते हुए माफ़ी मांगें और छात्रों पर हिंसा के दोषियों पर कार्रवाई हो। ये समाज के दूसरे वर्गों किसानों, मजदूरों, गरीबों, हर वो व्यक्ति जिसे इस सरकार ने दबाया है, कुचला है - अपने सम्मान के लिए संवैधानिक तरीके से डटकर खड़े होने में ही असली साहस है। इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया है। डरो मत!''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या बदलाव की आंधी है GenZ? प्रधान का इस्तीफा तो हो गया, पर अभी बाकी हैं 3 और मांगें; कब होगा उनपर फैसला
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा। धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री को भेज दिया है। उन्होंने कहा, ''पिछले 10 दिन का घटनाक्रम देखकर मेरा मन दुखी है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं है।''
प्रधान ने कहा कि उन्होंने पहले दिन से ही जिम्मेदारी ली है और इस परिस्थिति से कभी मुंह नहीं मोड़ा। उन्होंने लिखा, ''जंतर-मंतर पर और देश में जो स्थिति बनी है, इस स्थिति का राष्ट्र विरोधी ताकतें लाभ ना उठाएं, देश की एकता बनी रहे, भारत के एक भी विद्यार्थी का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में ना उलझे, हमारे बच्चे अपना समय पढ़ाई में लगाएं, करियर बनाने पर ध्यान केंद्रित करें, इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री को भेज दिया है।''
