देश

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा की तैयारियां शुरू, AI कैमरे, ड्रोन से होगी निगरानी

जिला पंचायत के प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि जिला पंचायत रात के समय 55 किलोमीटर लंबे नहर मार्ग पर अपने 'जनरेटर’ से अस्थायी रोशनी की व्यवस्था करेगी और साफ-सफाई बनाए रखेगी। कांवड़िए भगवान शिव के भक्त होते हैं, जो हर साल हरिद्वार में गंगा में डुबकी लगाकर गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

Image

30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगी कांवड़ यात्रा।

Photo : PTI

Kanwar Yatra : इस साल 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा के लिए मुजफ्फरनगर जिले में प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए ’एआई’ युक्त कैमरे, ’ड्रोन’ और विशेष सुरक्षा इकाई तैनात की जायेंगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि जिले में दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगा नहर मार्ग पर कांवड़ यात्रा के ग्रामीण और शहरी दोनों मार्गों पर ’एआई’ आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

कैमरे बिल्कुल सही समय पर अलर्ट देंगे

उन्होंने कहा कि ये कैमरे बिल्कुल सही समय पर अलर्ट देंगे, जिससे पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई कर सकेगी। एसएसपी ने बताया कि जिले में लगभग 2500 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा हवाई निगरानी के लिए ’ड्रोन’ कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी थानों में पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली और सफाई विभागों के अधिकारी एक साथ मौजूद रहेंगे, ताकि आपात स्थिति में बेहतर समन्वय हो सके। एसएसपी ने कहा कि अफवाहों पर रोक लगाने के लिए पुलिस सोशल मीडिया मंचों पर भी निगरानी रखेगी तथा ऐसे संदेशों को पहले ही प्रतिबंधित किया जाएगा और बाद में कार्रवाई की जाएगी।

सेवा शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे

उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग भी की गई है। उन्होंने कहा कि सभी सेवा शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, खासकर रसोई क्षेत्रों में। उन्होंने कहा कि कैंपों में काम करने वाले लोगों के पास पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा। बारिश के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने कांवड़ मार्गों से जलभराव हटाने के निर्देश दिए हैं। इस बीच, जिला पंचायत ने जिले में 55 किलोमीटर लंबी गंगा नहर रोड पर कांवड़ मार्गों पर रोशनी और सफाई की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।

'जनरेटर’ से अस्थायी रोशनी की व्यवस्था

जिला पंचायत के प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि जिला पंचायत रात के समय 55 किलोमीटर लंबे नहर मार्ग पर अपने 'जनरेटर’ से अस्थायी रोशनी की व्यवस्था करेगी और साफ-सफाई बनाए रखेगी। कांवड़िए भगवान शिव के भक्त होते हैं, जो हर साल हरिद्वार में गंगा में डुबकी लगाकर गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article