देश

PM मोदी ने रचा इतिहास, बने देश के सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले राजनेता; जानें किसका तोड़ा रिकॉर्ड

पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित सरकार के प्रमुख बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है।इससे पहले ये रिकॉर्ड सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के नाम था। उन्होंने 8,930 दिनों तक किसी सरकार का नेतृत्व किया था। यह भारत में किसी भी सरकार के मुखिया का अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल था।

Image

पीएम नरेंद्र मोदी ने 8,931 दिन पूरे कर भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख रहने का रिकॉर्ड बनाया। Narendra Modi instagram

PM Modi Longest Serving Head Of Government: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बतौर भारतीय राजनेता एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना लिया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित सरकार के प्रमुख बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है। सरकार के प्रमुख के रूप में पीएम मोदी ने सार्वजनिक कार्यालय में 8,931 दिन पूरे कर लिए।

इससे पहले ये रिकॉर्ड सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के नाम था। उन्होंने 8,930 दिनों तक किसी सरकार का नेतृत्व किया था। यह भारत में किसी भी सरकार के मुखिया का अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल था, जिसे पीएम मोदी ने पार कर लिया है। चामलिंग 1994 से 2019 तक, पूरे 25 साल सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे थे।

सीएम और फिर प्रधानमंत्री का सफर

साल 2001 से 2014 तक पीएम मोदी करीब 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और साल 2014 से लेकर अब तक वो देश के प्रधानमंत्री पद पर बने हुए हैं। दोनों कार्यकालों को जोड़ने पर यह आंकड़ा 8,931 दिन बनता है। इस अवसर पर देश के दिग्गज नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई दी है।

राजनाथ सिंह ने दी बधाई

इस ऐतिसिक रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को बधाई दी। राजनाथ सिंह ने रविवार को एक्स हैंडल के जरिए बताया कि नरेंद्र मोदी अब भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं। रक्षा मंत्री के अनुसार, पीएम मोदी ने 8,931 दिन पूरे कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस दौरान उन्होंने पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कहा कि पीएम मोदी का जीवन राष्ट्र और जनता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनकी भूमिका से लेकर प्रधानमंत्री के तौर पर उनके नेतृत्व तक की यात्रा को “निरंतर सेवा का सफर” बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि “राष्ट्र प्रथम” की भावना, ईमानदारी और हर नागरिक के प्रति समर्पण को दर्शाती है। रक्षा मंत्री ने इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई भी दी।

बिना छुट्टी लिए 24 वर्षों से राष्ट्र की सेवा कर रहे प्रधानमंत्री: अमित शाह

इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। अमित शाह ने एक्स हैंडल पर लिखा, सेवा, कड़ी मेहनत और अटूट प्रतिबद्धता पर आधारित एक मील का पत्थर। आज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सरकार प्रमुख बन गए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी जी के 8,931 दिनों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र-प्रथम शासन, कार्यों में ईमानदारी और प्रत्येक नागरिक की अथक सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"

उन्होंने आगे लिखा कि मोदी जी की दशकों की सेवा ने एक नए युग को आकार दिया है। चाहे गरीबों को उनके अधिकार दिलाना हो, विकास में नए मुकाम हासिल करना हो या वैश्विक मंचों पर राष्ट्र का गौरव बढ़ाना हो, मोदी युग ने भारत को पूरी तरह से बदल दिया है। इस नए भारत को संवारने में जीवन भर का प्रयास लगा और प्रधानमंत्री जी ने इस नए भारत को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने आगे लिखा,"पीएम मोदी ने 24 वर्षों से अधिक समय तक बिना छुट्टी लिए राष्ट्र और उसकी जनता की सेवा करना उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यही कारण है कि उन्हें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तीन बार और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में तीन बार जनता से अभूतपूर्व स्नेह प्राप्त हुआ। जनता का विश्वास, स्नेह और समर्थन उनके प्रति दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है।"

'केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि निरंतर तप, त्याग का सशक्त उदाहरण'

इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक्स हैंडल पर पीएम मोदी को बधाई देते हुए लिखा, "एक सतत यात्रा, लोक कल्याण के 8931 दिन! भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का 8931 दिनों का सार्वजनिक जीवन केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि निरंतर तप, त्याग और राष्ट्रसेवा का सशक्त उदाहरण है, जहाँ प्रत्येक दिन राष्ट्र के नाम समर्पित रहा है।"

उन्होंने आगे लिखा कि गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने विकास एवं सुशासन का एक सशक्त मॉडल स्थापित किया। देश के ऐसे प्रधानमंत्री, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा अनुभव रहा, उन्होंने शासन को केवल प्रशासन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाया। प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प के साथ देश ने आधारभूत संरचना विस्तार, डिजिटल क्रांति, प्रभावी जनकल्याणकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेज़ प्रगति की है।

25 वर्षों की यात्रा, एक ही संकल्प — देश सेवा: बीजेपी

बीजेपी के सोशल मीडिया हैंडल पर पीएम मोदी की तस्वीर शेयर करते हुए एक कैप्शन लिखा गया। कैप्शन में लिखा है, " गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक, 8,931 दिनों की यह निरंतर जिम्मेदारी सिर्फ सत्ता की नहीं, बल्कि जनसेवा की कहानी है। हर जनादेश, हर जिम्मेदारी और हर निर्णय में एक ही भावना रही: देश पहले, स्वयं बाद में। नए भारत को एक समर्पित प्रधान सेवक मिला है।"

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें