PM Modi Europe Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने पांच दिवसीय महत्वपूर्ण यूरोप दौरे की शुरुआत कर रहे हैं। 13 से 18 जून 2026 तक चलने वाले इस विदेश दौरे में प्रधानमंत्री फ्रांस और स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा करेंगे। इस दौरे का मुख्य आकर्षण फ्रांस के एवियन में आयोजित होने वाला जी7 शिखर सम्मेलन (G7 Summit) है, जहां पीएम मोदी ग्लोबल साउथ की आवाज बनेंगे। इसके अलावा, वह स्लोवाकिया की ऐतिहासिक पहली राजकीय यात्रा भी करेंगे।
G7 समिट में शामिल होने फ्रांस जाएंगे पीएम (फाइल फोटो | AP)
दौरे का पूरा शेड्यूल: कब कहां रहेंगे प्रधानमंत्री?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यूरोप दौरा चार चरणों में बंटा हुआ है। 13-14 जून को वे फ्रांस के नीस शहर में रहेंगे, जहां राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 14-16 जून तक वे स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में ऐतिहासिक राजकीय यात्रा पर होंगे, जो 1993 में स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। 16-17 जून को प्रधानमंत्री फ्रांस के एवियन में प्रतिष्ठित जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और वैश्विक नेताओं से मुलाकात करेंगे। अंत में 17-18 जून को वे पेरिस में रहेंगे, जहां विवाटेक समिट में हिस्सा लेंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे। इस पूरे दौरे से भारत के फ्रांस, स्लोवाकिया और यूरोपीय संघ के साथ संबंध और मजबूत होंगे। अब थोड़े विस्तार में जानते हैं।
पहला चरण: फ्रांस के 'नीस' में मैक्रों संग विशेष बैठक
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के विशेष आमंत्रण पर पीएम मोदी सबसे पहले फ्रांस के नीस शहर पहुंचेंगे। 14 जून को दोनों नेताओं के बीच एक उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक होगी। इस साल की शुरुआत में भारत-फ्रांस संबंधों को 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर पर ले जाया गया था, दोनों नेता इसकी गहन समीक्षा करेंगे।
इसी शहर में दोनों नेता संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। 'भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष' के तहत हो रहा यह सिग्नेचर इवेंट दोनों देशों के शीर्ष स्टार्टअप्स और वेंचर कैपिटल फंड्स को एक मंच पर लाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- भारतीय नाविकों की मौत पर भारत का कड़ा रुख; विदेश मंत्री जयशंकर ने मार्को रुबियो से फोन पर जताई सख्त नाराजगी
दूसरा चरण: स्लोवाकिया की पहली ऐतिहासिक स्टेट विजिट
14 से 16 जून तक पीएम मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर वहां की राजकीय यात्रा करेंगे। साल 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है। यह दौरा कूटनीतिक रूप से बेहद अहम है क्योंकि इससे पहले अप्रैल 2025 में भारत के राष्ट्रपति और फरवरी 2026 में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी 'AI इम्पैक्ट समिट' के लिए भारत आए थे। पीएम मोदी वहां के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों से वार्ता करेंगे, जिससे व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल और रेलवे मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
तीसरा चरण: फ्रांस के एवियन में G7 समिट
16-17 जून को प्रधानमंत्री एवियन में आयोजित होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन (G7 Summit) में हिस्सा लेंगे। यहां भारत को एक प्रमुख वैश्विक भागीदार के रूप में आमंत्रित किया गया है। पीएम मोदी शिखर सम्मेलन के दौरान तीन सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। नए गठबंधनों का निर्माण और अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता को फिर से मजबूत करना, सभी देशों के लिए संतुलित, साझा और सतत आर्थिक विकास (Sustainable Economic Growth) को बढ़ावा देना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सुरक्षित, तीव्र और कुशल रोलआउट सुनिश्चित करना। इस वैश्विक मंच से इतर, प्रधानमंत्री दुनिया के कई बड़े दिग्गज नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी करेंगे।
चौथा चरण: पेरिस में तकनीक का महाकुंभ और प्रवासी भारतीयों से मुलाकात
अपने दौरे के अंतिम दिन (18 जून) को पीएम मोदी पेरिस पहुंचेंगे। वह यहां यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट 'विवाटेक समिट' (VivaTech Summit) में शामिल होंगे, जो डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्र में भारत के बढ़ते रुतबे को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगा। इसके बाद, वह पेरिस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे।
