Modi Cabinet Meet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। इस बैठक में पीएम मोदी ने देश में नशे की बढ़ती समस्या और युवाओं पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर चिंता जताई। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की
PM मोदी हुए भावुक
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि जब देश नक्सलवाद जैसी चुनौती को खत्म कर सकता है और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाल सकते हैं, तो फिर नशे की समस्या पर काबू क्यों नहीं पाया जा सकता? उन्होंने कहा कि नशा देश के युवाओं का भविष्य खराब कर रहा है। इस दौरान, पीएम मोदी भावुक हो गए।
आसियान शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के बाद मनीला से देर रात दिल्ली लौटे पीएम मोदी ने बुधवार को बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में नशे की समस्या, नक्सलवाद, गरीबी उन्मूलन, वित्तीय सशक्तीकरण सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली उपलब्धियों को कायम रखने की भी अपील की।
साढ़े तीन घंटे तक चली बैठक
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक लगभग साढ़े तीन घंटे तक चली। भारत मंडपम में बैठक का आयोजन हुआ था। बताया जा रहा है कि मंत्रिपरिषद की बैठक में महज कैबिनेट मंत्रियों को ही बुलाया गया था। राज्य मंत्री और स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री बैठक में शामिल नहीं हुए। सनद रहे कि पीएम मोदी राज्य मंत्रियों और स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों के साथ पहले ही अलग-अलग बैठकें कर चुके हैं।
