हैदराबाद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मानवता की मिसाल पेश की है। उन्होंने राजनीतिक विरोध को भूल तेलंगाना में बीआरएस एमएलसी एमसी कोटी रेड्डी के बेटे की शादी के लिए कुछ ऐसा किया जिसकी अब राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक उनके इस फैसले की चर्चा हो रही है।
पीएम मोदी ने पेश की मिसाल।
दरअसल,आज रविवार को प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर हैदराबाद के हाईटेक्स-एचआईसीसी परिसर में उतरने वाला था। इसी परिसर में बीआरएस एमएलसी एमसी कोटि रेड्डी के बेटे अजीत रेड्डी का विवाह समारोह आयोजित था। अजीत रेड्डी की शादी आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सौजन्या से हो रही थी। विवाह समारोह की तैयारियां कई दिन पहले से चल रही थीं और करीब 5,000 मेहमानों को निमंत्रण भेजा जा चुका था।
फिर, प्रधानमंत्री कार्यालय को जब यह जानकारी मिली कि सुरक्षा कारणों से अंतिम समय में कार्यक्रम स्थल पर कड़े प्रतिबंध लगाने पड़ सकते हैं, जिससे शादी में शामिल होने वाले मेहमानों और परिवार को असुविधा होगी,तब प्रधानमंत्री मोदी ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर लैंडिंग की योजना बदली गई और प्रधानमंत्री ने करीब 18 किलोमीटर की दूरी सड़क मार्ग से तय की।
प्रधानमंत्री के इस फैसले को राजनीतिक शिष्टाचार और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण माना जा रहा है। खास बात यह भी रही कि जिस परिवार के समारोह को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया, वह विपक्षी दल बीआरएस से जुड़ा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दी।
