बेंगलुरु के इस छात्र की PM मोदी ने की खूब तारीफ, री-ट्वीट के बाद वायरल हुआ मैसेज

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 10, 2023, 09:42 AM IST

Bengaluru Kid : इस छात्र का नाम आदित्य दीपक अवधानी है। आदित्य दीन अकेडमी का छात्र है। बेंगलुरु के सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक कृष्णमूर्ति ने ट्विटर पर बताया था कि उनका बेटा हर अकैडमिक वर्ष समाप्त होने के बाद अपनी नोटबुक से कागज की खाली शीट्स निकालता है और उन्हें बाइंड करता है।

Bengaluru Kid : परीक्षाएं समाप्त होने के बाद ज्यादातर छात्र अपनी नोटबुक का इस्तेमाल अपनी अगली कक्षा के लिए नहीं करते। इन कॉपियों में बहुत सारे सादे पन्ने भी होते हैं जिनका इस्तेमाल नहीं हो पाता। लेकिन बेंगलुरु के एक छात्र ने जरा अलग हटकर काम किया है। इस छात्र ने अपनी नोटबुक्स में बचे सभी पन्नों को निकालकर बाइंड कराया और इसका इस्तेमाल वह अपने रफ कार्य के लिए करता है। कागज की बर्बादी रोकने और उनका सही इस्तेमाल करने की छात्र की इस कोशिश की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। पीएम मोदी ने छात्र की इस पहल को 'स्थायी जीवन के व्यापक संदेश' का एक हिस्सा बताकर उसकी तारीफ की है।

Narendra Modi

पीएम मोदी ने बेंगलुरु के छात्र की तारीफ की है।

रफ कॉपी के लिए करता है इस्तेमाल

इस छात्र का नाम आदित्य दीपक अवधानी है। आदित्य दीन अकेडमी का छात्र है। बेंगलुरु के सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक कृष्णमूर्ति ने ट्विटर पर बताया था कि उनका बेटा हर अकैडमिक वर्ष समाप्त होने के बाद अपनी नोटबुक से कागज की खाली शीट्स निकालता है और उन्हें बाइंड करता है। जिसका इस्तेमाल वह रफ कार्यों के लिए करता है।

पीएम के हैंडल से री-ट्वीट होने के बाद हुआ वायरल

डॉ. दीपक कृष्णमूर्ति के इस ट्वीट पर लोगों का ध्यान तुरंत गया लेकिन पीएम के ट्विटर हैंडल से री-ट्वीट होने के बाद यह वायरल होने लगा। प्रधानमंत्री मोदी ने छात्र की इस सोच की तारीफ करते हुए कहा, 'यह एक सराहनीय टीम प्रयास है। इसमें स्थायी जीवन का एक व्यापक संदेश छिपा है। इस काम के लिए मैं आपको और आपके बेटे को बधाई देता हूं। मैं इस तरह के प्रयासों को और लोगों तक पहुंचाने की अपील करता हूं। यह रिसाइक्लिंग एवं बर्बादी से सृजन के प्रति जागरूकता पैदा करने वाला है।'

13 लाख से ज्यादा लोगों ने दी प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री के री-ट्वीट के बाद इस पर 13 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। इसे करीब 3,343 बार री-ट्वीट किया गया है और 20 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है। डॉक्टर ने बाद में अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'एक सामान्य चीज जो हम अपने दैनिक जीवन में करते हैं। इसका श्रेय मैं अपनी पत्नी और बेटे को देता हूं।' डॉ. दीपक के बेटे आदित्य ने कहा कि अपने पिता के ट्वीट को पीएम द्वारा री-ट्वीट किए जाने पर वह हैरान एवं अचंभित है। यह गौरवान्वित करने वाली बात है। उसने कहा, 'गर्मी की छुट्टियों में जब स्कूल बंद हो जाता है तो मैं और मेरी मां साथ बैठते हैं और नोटबुक में बचे सादे पन्नों को निकालकर उन्हें बाइंड करते हैं। फिर मैं इसका इस्तेमाल गणित एवं अन्य रफ कार्य के लिए करता हूं।'

End of Feed