Parliament Session: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई जब संसद में विपक्षी सांसद बिहार में मुलाकात बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा की विपक्ष की मांग को लेकर जमकर हंगामा कर रहे हैं। इससे पहले राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चर्चा का जवाब देने के लिए जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खड़े हुए तो विपक्षियों ने वॉकआउट कर दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (दाएं) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (बाएं) (फोटो साभार: @rashtrapatibhvn)
राष्ट्रपति भवन ने साझा की तस्वीर
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू के बीच हुई बैठक की अभी जानकारी तो सामने नहीं आई है, लेकिन राष्ट्रपति भवन ने इस मुलाकात की तस्वीरें जरूर साझा की हैं। राष्ट्रपति भवन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।’’
PM मोदी के बाद शाह ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रपति से मुलाकात के कुछ घंटों बाद हुई। हालांकि, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की राष्ट्रपति से मुलाकातों के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राष्ट्रपति भवन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।’’
विपक्षी हंगामे के बीच हुई मुलाकात
यह मुलाकात एसआईआर पर चर्चा की विपक्ष की मांग को लेकर संसद में गतिरोध के बीच हुई है। 21 जुलाई को मानसून सत्र शुरू होने के बाद से संसद में बहुत कम कामकाज हुआ है। इसके अलावा राष्ट्रपति के साथ प्रधानमंत्री की यह मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत से निर्यात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने और भारत द्वारा रूस से सैन्य उपकरणों व तेल खरीदने के कारण अनिर्दिष्ट जुर्माने की घोषणा किए जाने के कुछ दिन बाद हुई है
सरकार विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने पर कर रही विचार
संसद में जारी गतिरोध के बीच सरकार सोमवार को लोकसभा में एक महत्वपूर्ण खेल विधेयक को पारित कराने पर जोर दे सकती है, क्योंकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की विपक्ष की एकजुट मांग को सत्तारूढ़ गठबंधन से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है। निचले सदन ने राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक को विचार एवं पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया है, जिसमें खेल निकायों के कामकाज में अधिक पारदर्शिता की परिकल्पना की गई है। राज्यसभा ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन को 13 अगस्त से छह महीने के लिए बढ़ाने संबंधी गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्ताव को सोमवार को पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया है।
