PM Modi at Dahod rally : गुजरात के दाहोद में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश निराशा के अंधकार से निकलकर विश्वास के उजाले में तिरंगा फहरा रहा है। 140 करोड़ भारतीय मिलकर अपने देश को विकसित भारत बनाने के लिए जी-जीन से जुटे हैं। देश की तरक्की के लिए जो कुछ भी चाहिए उसे हम भारत में ही बनाएं, यह आज के समय की मांग है। भारत आज तेज गति से मैन्यूफैक्चरिंग की दुनिया में आगे बढ़ रहा है।
गुजरात के दाहोद में जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी।
'जो सिंदूर मिटाएगा उसका मिटना तय है'
जनसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि 'आतंक फैलाने वालों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि मोदी से मुकाबला करना कितना मुश्किल होता है। जो सिंदूर मिटाएगा उसका मिटना तय है। आतंकियों ने बीते 22 अप्रैल को बच्चों के सामने उनके पिता को गोली मार दी। आज भी ये तस्वीरें देखने के बाद खून खौल उठता है। आतंकियों ने 140 करोड़ भारतीयों को चुनौती दी थी। मोदी ने वही किया जिसके लिए आपने मुझे प्रधान सेवक की जिम्मेदारी दी है। मोदी ने अपनी तीनों सेनाओं को छूट दी और हमारे शूरवीरों ने वह कर दिखाया जिसे दुनिया ने कई दशकों से नहीं देखा था। हमने नौ सबसे बड़ी आतंकी ठिकानों को ढूंढ निकाला और छह मई की रात मात्र 22 मिनट में उन्हें मिट्टी में मिला दिया। भारत की इस कार्रवाई से बौखलाकर जब पाकिस्तानी सेना ने दुस्साहस दिखाया तो हमारी सेनाओं ने पाकिस्तानी पोस्ट्स को भी धूल चटा दी।' पीएम ने कहा कि पाकिस्तान का एक मात्र लक्ष्य भारत से दुश्मनी निभाना और नुकसान पहुंचाना है।
हमारी सरकार ने अकल्पनीय फैसले लिए-पीएम
पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने अभूतपूर्व और अकल्पनीय फैसले लिए। हमारी सरकार ने दशकों पुरानी बेड़ियों को तोड़ा और देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ा। आज हम स्मार्ट फोन से लेकर गाड़ियां, खिलौने, सेना के हथियार, दवाएं ऐसे बहुत सारा सामान दुनिया के देशों में निर्यात कर रहे हैं। आज भारत रेल, मेट्रो और इसके लिए जरूरी तकनीक भारत खुद बनाता है और उसे निर्यात भी करता है। दाहोद इसका जीता-जागता प्रमाण है।
वलसाड-दाहोद ट्रेन को हरी झंडी दिखाई
इससे पहले दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वलसाड-दाहोद ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही दाहोद स्थित लोको मैन्युफैक्चरिंग शॉप राष्ट्र को समर्पित की। वलसाड रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे विभाग के विकास कार्यों और चल रहे प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे विभाग को विपक्ष शासित राज्यों में भी विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए हैं। रेलवे के नए प्रोडक्शन यूनिट और स्लीपर वंदे भारत ट्रेन पर भी काम चल रहा है। जल्द ही रेलवे के क्षेत्र में प्रगति देखने को मिलेगी।
केंद्रीय रेल राज्य सहित बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
वलसाड रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, लोकसभा के मुख्य सचेतक और वलसाड-डांग के सांसद धवल पटेल, भाजपा के विधायक समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि दाहोद से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में वलसाड, वापी और आसपास के क्षेत्रों में बस चुके हैं। अब तक इन लोगों को अपने गृह नगर जाने के लिए बस या अन्य निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था, जिनमें अक्सर जगह नहीं मिलती थी और आरक्षण भी संभव नहीं हो पाता था।
22,055 घरों का उद्घाटन भी करेंगे पीएम
हालांकि, अब वलसाड-दाहोद ट्रेन की शुरुआत से रोजगार के सिलसिले में यात्रा करने वाले हजारों लोगों को फायदा मिलेगा। इसके साथ ही वलसाड और दाहोद के बीच के रेलवे स्टेशनों पर आवागमन करने वाले अन्य यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। पीएम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1,006 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 22,055 घरों का उद्घाटन भी करेंगे और साबरमती रिवरफ्रंट के तीसरे चरण की आधारशिला रखेंगे, जिसे 1,000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।
(इनपुट-आईएएनएस)
