देश

'इसी सप्ताह जारी हो सकता है भारत-अमेरिका का संयुक्त बयान'; राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे, व्यापार समझौते पर बोले पीयूष गोयल

पीयूष​ गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अमेरिका के साथ लंबे समय से प्रतीक्षित व्यापार समझौता किया है,जिसकी पूरे देश में सराहना हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह इस समझौते पर संसद में अपनी बात रखना चाहते थे,लेकिन विपक्षी सांसदों खास तौर पर राहुल गांधी ने हंगामा कर सदन की कार्यवाही बाधित की। जिसकी वजह से वे ऐसा नहीं कर सके।

Image

पीयूष गोयल (फाइल फोटो: पीटीआई)

Photo : PTI

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर विपक्ष के आरोपों पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है। गोयल ने कहा कि राहुल गांधी देश को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं और उनका भारत की प्रगति से कोई लेना-देना नहीं है। इस बीच, समाचार एजेंसी एएनआई ने भारत सरकार के सूत्र के हवाले से बताया है कि दोनों देशों के अधिकारी बातचीत करने वाली टीम के साथ डिटेलिंग के आखिरी स्टेज में हैं। भारत-अमेरिका ट्रेड डील का एक जॉइंट स्टेटमेंट इस हफ्ते जारी होने की संभावना है।

पीयूष गोयल ने राहुल के खिलाफ खोला मोर्चा

पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अमेरिका के साथ लंबे समय से प्रतीक्षित व्यापार समझौता किया है,जिसकी पूरे देश में सराहना हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह इस समझौते पर संसद में अपनी बात रखना चाहते थे,लेकिन विपक्षी सांसदों खास तौर पर राहुल गांधी ने हंगामा कर सदन की कार्यवाही बाधित की। जिसकी वजह से वे ऐसा नहीं कर सके।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्य की बात है कि राहुल गांधी जैसे नकारात्मक सोच वाले नेता आज देश को गुमराह करने या भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं राहुल गांधी की निंदा करता हूं। वह लोगों को गुमराह करना चाहते हैं, उनको देश की तरक्की से कोई लेना-देना नहीं है। देश आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना है इसमें उनको कोई दिलचस्पी नहीं है। UPAसरकार में,कांग्रेस के राज में,दस साल के शासन के दौरान उन्होंने अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया,महंगाई से लोगों को परेशान किया और विकास को रोक दिया। राहुल गांधी नकारात्मक सोच के प्रतीक हैं और उनके साथ जुड़कर DMK, TMC,समाजवादी पार्टी और बाकी सभी नेता भी वैसे ही हैं।

शायद वे भारत के उज्ज्वल भविष्य,हमारे युवा लड़के-लड़कियों को मिल रहे नए अवसरों,हमारी इंडस्ट्रीज की तेज तरक्की,खुल रहे नए सेक्टर्स,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर्स,क्रिटिकल मिनरल्स,सभी नए अल्ट्रा-मॉडर्न सेक्टर्स जहां हमें यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका से मदद मिल सकती है...क्या इन सबसे राहुल गांधी को दिक्कत है, क्या राहुल गांधी को देश के प्रगति से नफरत है। उन्हें देश की जनता को जवाब देना होगा कि इस नकारात्मक सोच के पीछे वो क्या चाहते हैं।

राहुल गांधी के आरोपों का दिया जवाब

राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गोयल ने कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच आपसी विश्वास और मजबूत व्यक्तिगत संबंधों का परिणाम है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार ने पशुपालन, कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के हितों से कोई समझौता नहीं किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता गरीबों, किसानों, मछुआरों और युवाओं के लिए बड़े अवसर लेकर आएगा। उन्होंने दावा किया कि भारत को अमेरिका के साथ अपने प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कहीं बेहतर समझौता मिला है।

भारत ने अपने कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों की पूरी रक्षा की

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने अमेरिका के साथ समझौते में अपने संवेदनशील कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों की मजबूती से रक्षा की है। उन्होंने इसे भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ संकेत बताया।

अमेरिका द्वारा शुल्क कटौती की घोषणा को लेकर विपक्ष के सवालों पर गोयल ने कहा कि अमेरिका पहले ही पारस्परिक (रिसिप्रोकल) टैरिफ लगा चुका था, इसलिए कटौती की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से की गई। उन्होंने बताया कि व्यापार समझौते के अंतिम विवरण पर अभी काम जारी है और जल्द ही भारत-अमेरिका की ओर से एक संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article